जमीन विवाद में धमकाने का आरोप, सीसीटीवी कनेक्शन काटा, एफआईआर

शिमला, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शिमला शहर के अपर कैथू क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर धमकी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि कुछ लोगों ने जबरन उसकी जमीन में घुसकर सीसीटीवी कैमरे की कनेक्शन काट दी और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बालूगंज में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता विकास सेठ पुत्र नरेंद्र कुमार सेठ निवासी अपर कैथू ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि डी.के. सेठ उनकी पत्नी व उनका बेटा और होटल में काम करने वाला कर्मचारी मोहर सेठ उनकी जमीन में बिना अनुमति के घुस आए। आरोप है कि इन लोगों ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की कनेक्शन काट दी। इससे निगरानी व्यवस्था बंद हो गई।
विकास सेठ ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और जान से मारने की बात कही। इससे वह मानसिक रूप से काफी डर गए। घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई।
इस पर पुलिस थाना बालूगंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3), 324(4), 351(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर प्यार सिंह कर रहे हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा



