Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

इंग्लैंड से मिली हार के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा- स्मृति का विकेट था टर्निंग पॉइंट

हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

इंदौर के होलकर स्टेडियम में रविवार को खेले गए महिला वनडे विश्व कप 2025 के लीग मुकाबले में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ 4 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उपकप्तान स्मृति मंधाना के विकेट को मैच का टर्निंग पॉइंट बताया।

289 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में दो झटके लगे, लेकिन स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बीच 125 रनों की साझेदारी ने पारी को संभाला। हरमनप्रीत 31वें ओवर में 70 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि स्मृति 42वें ओवर में 88 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। स्मृति के आउट होने के बाद टीम लड़खड़ा गई और आखिरी ओवरों में जीत से चूक गई।

हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, “स्मृति का विकेट हमारे लिए टर्निंग पॉइंट था। हमारे पास बल्लेबाज थे, लेकिन पता नहीं कैसे मैच हमारे हाथ से निकल गया। इंग्लैंड को श्रेय जाता है कि उसने हार नहीं मानी और लगातार विकेट झटके। जब आपने इतना मेहनत की हो और आखिरी 5-6 ओवर आपके हिसाब से न जाएं, तो वह बहुत दर्दनाक होता है।”

इस हार के साथ ही भारत की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। टीम को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।

कप्तान ने आगे कहा,“हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं, हार नहीं मान रहे, लेकिन अब हमें लाइन पार करनी होगी। पिछले तीन मैचों में हमने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाए। हमारे गेंदबाजों ने भी शानदार काम किया, खासकर जब हीदर नाइट बल्लेबाजी कर रही थीं। हमें आखिरी पांच ओवरों में क्या गलत हुआ, उस पर दोबारा विचार करना होगा।”

भारत अब 23 अक्टूबर को नवी मुंबई में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। यह मुकाबला टीम के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा। अगर भारत न्यूजीलैंड से हारता है, तो उसे बांग्लादेश के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच हर हाल में जीतना होगा और अन्य मैचों के नतीजों पर भी उम्मीदें टिकी रहेंगी।

महिला वनडे विश्व कप 2025:

भारत बनाम इंग्लैंड — इंग्लैंड 4 रन से जीता

स्मृति मंधाना: 88 रन

हरमनप्रीत कौर: 70 रन

भारत का अगला मुकाबला: 23 अक्टूबर, न्यूजीलैंड के खिलाफ (नवी मुंबई)

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *