Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

अंबिकापुर: धान खरीदी व्यवस्था से खुश किसान, टोकन से तौल तक सब कुछ सुगम

सरगुजा के किसान

अंबिकापुर, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सरगुजा जिले में धान खरीद सीज़न की शुरुआत के साथ किसानों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। शासन के निर्देशानुसार उपार्जन केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं से किसान संतुष्ट नजर आ रहे हैं। टोकन कटाने की प्रक्रिया से लेकर बारदाने की उपलब्धता और धान बिक्री तक सभी सुविधा सरल और सहज रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।

पुहपुटरा धान उपार्जन समिति में धान बेचने पहुंचे कृषक राजेश कुमार राजवाड़े ने व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उनका कुल रकबा 160 क्विंटल का है और उन्होंने 59 क्विंटल 80 किलो के पहले टोकन के तहत धान बेचा। उन्होंने कहा कि टोकन कटाने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और केंद्र पहुंचते ही बारदाना एवं सूजा-सुतरी उपलब्ध करा दी गई, जिससे धान तौल की प्रक्रिया बिना किसी देरी के पूरी हो सकी।

कृषक राजवाड़े ने बताया कि खरीद केंद्रों में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हित में संचालित हो रही है। समिति के कर्मचारी और संबंधित अधिकारी सहयोगी भूमिका निभा रहे हैं और किसानों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीद और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के लाभदायक समर्थन मूल्य से किसानों में उत्साह बढ़ा है और आर्थिक राहत मिल रही है।

कृषक राजवाड़े ने समूची व्यवस्था पर संतुष्टि जताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। जिले के अन्य उपार्जन केंद्रों पर भी किसानों के लिए सुविधापूर्ण प्रबंधन के कारण धान खरीद प्रक्रिया तेज गति से आगे बढ़ रही है और किसानों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *