Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

अंबिकापुर: अवैध धान कारोबार पर कड़ी कार्रवाई, अब तक 1335 क्विंटल से अधिक धान जब्त

अवैध धान

अंबिकापुर, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सरगुजा जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर नकेल कसने जिला प्रशासन ने जोरदार अभियान चला रखा है। कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देश पर की जा रही सतत मॉनिटरिंग के तहत मंगलवार को भी मैनपाट विकासखंड में दो स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की गई। सपनादर निवासी गुलाब यादव के घर से 70 बोरी में संग्रहित 28 क्विंटल तथा कमलेश्वरपुर के श्याम यादव के घर से 60 बोरी में रखा गया 24 क्विंटल धान जब्त कर छत्तीसगढ़ कृषि उपज मण्डी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।

अवैध धान के अंतर्राज्यीय और आंतरिक परिवहन पर रोक लगाने जिले में चेकपोस्टों को सक्रिय कर चौकसी बढ़ाई गई है। अनुविभागीय स्तर पर बनाई गई विशेष टीमों द्वारा जंगल और वैकल्पिक मार्गों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है, जिससे धान की अनाधिकृत आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण हो सके। कलेक्टर भोसकर ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अवैध धान भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कठोरतम कार्रवाई की जाए।

अभियान के दौरान हाल ही में की गई गोदाम जांच में बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया है। विभिन्न व्यापारियों से कुल 3177 बोरी (लगभग 1283 क्विंटल) धान बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹30,73,817 आंकी गई है। इसमें संजय अग्रवाल, अजय अग्रवाल, जनम कुमार अग्रवाल, राजेश कुमार अग्रवाल, शशिकांत अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, सुभाष गुप्ता, ग्राम बेलगांव के एक व्यापारी और अनिल गुप्ता के गोदाम शामिल हैं। सभी मामलों में मण्डी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।

अब तक 10 मामलों में कुल 1335 क्विंटल से अधिक धान जब्त कर शासन को लगभग ₹31 लाख की संभावित आर्थिक हानि से बचाया जा चुका है। जिला प्रशासन का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध धान व्यापार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई में खाद्य विभाग, तहसील प्रशासन, मण्डी विभाग, डीएमओ, एआरसीएस, खाद्य निरीक्षक एवं मण्डी निरीक्षक की संयुक्त टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

—————

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *