Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

अंबिकापुर: नशेड़ी बाइकर्स गैंग से दहशत, एक के बाद एक हादसों ने बढ़ाई चिंता

बाईकर्स गैंग का आतंक

अंबिकापुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सरगुजा जिले के सीतापुर नगर में नशे में धुत और नाबालिग बाइकर्स गैंग का आतंक एक बार फिर सिर उठाता नजर आ रहा है। तेज रफ्तार, मॉडिफाइड और कानफोड़ू साइलेंसर वाली बाइकों पर सवार युवक नगर की सड़कों पर खुलेआम कानून को चुनौती देते हुए उत्पात मचा रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई और भारी जुर्माने के बावजूद हालात में सुधार नहीं हो पा रहा, जिससे नगरवासी लगातार सहमे हुए हैं।

बीते दिनों नगर और आसपास के इलाकों में हुए सिलसिलेवार सड़क हादसों ने स्थिति की गंभीरता को उजागर कर दिया। सुबह से देर रात तक दुर्घटनाओं का सिलसिला चलता रहा। पुराने बस स्टैंड के पास नशे में धुत तीन युवक तेज रफ्तार बाइक पर नियंत्रण खो बैठे और सड़क किनारे खुली नाली में जा गिरे। मेन रोड पर कैलाश टायर्स के पास तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसमें स्कूटी सवार और बाइक सवार दोनों घायल हुए, हालांकि भीड़ जुटते देख बाइक सवार मौके से फरार हो गया। लाल बंगला के पास भी एक तेज रफ्तार बाइक चालक अनियंत्रित होकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया, गनीमत रही कि सामने से आ रही कार के चालक ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन रोक लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

नगर में ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों से भी दुर्घटनाओं की खबरें सामने आईं। देर शाम एक चार पहिया वाहन ने पीछे से बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें दो युवकों के पैर टूट गए और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा। इसके महज एक घंटे बाद पेटला रोड पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें स्कूटी सवार चार युवकों में से दो गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार हो रहे इन हादसों के बावजूद आपसी सहमति के चलते किसी भी मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई, जिससे पीड़ितों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी।

इसी बीच एक और गंभीर मामला सामने आया, जिसने लोगों में आक्रोश बढ़ा दिया। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही कक्षा 12वीं की छात्रा मानमती आ धरमसाय को गायत्री मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा कई फीट हवा में उछलकर कमर के बल गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जबकि बाइक सवार युवक फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक वार्ड क्रमांक-4 में एक दवा दुकान के आसपास का रहने वाला बताया जा रहा है।

लगातार बढ़ते हादसों और बाइकर्स गैंग की बेलगाम हरकतों से डरे नगरवासियों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि बाइकर्स गैंग के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और कई बाइक जब्त की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए नगर में विभिन्न स्थानों पर बेरिकेट्स लगाए जाएंगे। फिलहाल, नगर को इस खतरे से मुक्त कराने के लिए प्रभावी और सख्त कार्रवाई की मांग और तेज होती जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *