Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

पूजा के बीच चाय श्रमिकों में मायूशी, बकाया बोनस दिए बिना बागान छोड़ फरार प्रबंधन

विरोध प्रदर्शन करते चाय बागान के श्रमिक

अलीपुरद्वार, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । जहां एक ओर पूजा पंडालों में चारों तरफ रोशनी और उत्सव का माहौल है, वहीं दूसरी ओर प्रायः 1400 चाय श्रमिकों के घरों में अंधकार छा गया। पश्चिम बंगाल के डुआर्स क्षेत्र के कालचीनी ब्लॉक स्थित चिंचुला चाय बागान के प्रबंधन ने शुक्रवार रात बिना किसी नोटिस के बागान छोड़ दिया और श्रमिकों को निर्धारित बोनस दिए बिना फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, बोनस को लेकर बागान प्रबंधन और ट्रेड यूनियनों के बीच बैठक में तय हुआ था कि 26 सितंबर तक 20% बोनस में से 17% बोनस दिया जाएगा और शेष 3% बोनस दीपावली पर दिया जाएगा। इसी अनुसार शुक्रवार को प्रबंधन ने करीब 20–25 सब-स्टाफ को बोनस का भुगतान कर दिया। लेकिन प्रबंधन की सूची में दर्ज 1400 चाय श्रमिकों का बोनस दिए बिना ही रात के अंधेरे में बागान छोड़ दिया गया। शनिवार सुबह जब श्रमिक काम पर पहुंचे, तब उन्हें इसकी जानकारी मिली। इसके बाद गुस्साए श्रमिकों ने बागान के गेट पर प्रदर्शन किया।

उधर, शुक्रवार को ही मालबाजार के नागेश्वरी चाय बागान के श्रमिकों ने भी 20% बोनस की मांग को लेकर राज्य सड़क पर अवरोध कर विरोध प्रदर्शन किया। यह आंदोलन करीब दो घंटे से अधिक समय तक मेटेली से चालसा जाने वाले आईविल मोड़ इलाके में चला। अवरोध के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

इस विरोध प्रदर्शन में नागराकाटा के विधायक पुना भेंगरा भी श्रमिकों के साथ शामिल हुए और आंदोलन का नेतृत्व किया। उनकी अगुवाई में श्रमिकों ने अपने अधिकारों के लिए जोरदार आवाज उठाई। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और मेटेली थाना प्रभारी भी वहां मौजूद रहे। हालांकि श्रमिक अपने 20% बोनस की मांग पर अड़े हुए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *