Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

बिहार में राजग गठबंधन की 20 सालों में सबसे बड़ी बहुमत वाली सरकार बनेगी : अमित शाह

अमित शाह सारण में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए

पटना, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । बिहार में चुनाव सरगर्मी के बीच रैलियों और जनसभाओं का सिलसिला भी अब शुरु हो चुका है। तमाम दलों के नेता अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में लोगों से वोट करने की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी शुक्रवार को सारण जिले के तरैया विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार जनक सिंह के पक्ष में चुनावी सभा की।

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इस बार बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की 20 सालों में सबसे बड़ी बहुमत वाली सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रचार की शुरुआत सारण से होती है, उसमें हमेशा विजय ही विजय मिलती है। यदि लालू यादव के जंगलराज के खिलाफ लड़ने का संकल्प लेना है और पूरे बिहार के युवाओं को 20 साल पहले लालू-राबड़ी द्वारा बनाई गई स्थिति याद दिलानी है, तो इसके लिए सारण-छपरा से अधिक उचित स्थान कोई नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राज्य की आम जनता तक सरकार की उपलब्धियों और संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।

अमित शाह ने कहा कि हम बिहार में नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में लड़ रहे हैं और देशभर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। इस बार हमें चार-चार दीपावली मनाने का मौका मिल रहा है। पहली दीपावली जब प्रभु श्री राम वनवास से अयोध्या लौटे थे। वह कुछ दिनों के बाद आने वाली है। दूसरी दीपावली समाप्त हो गई, जब बिहार की हर जीविका दीदी के अकाउंट में नीतीश जी और मोदी जी ने 10-10 हजार रुपये भेजे हैं। छठी मैया की पूजा और दीपावली के दिन बिहार के माता-बहनों के खाते खाली नहीं रहेगा। तीसरी दीपावली वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के सुधार के साथ जब 395 चीजों के दाम कम कर दिए गए और चौथी दीपावली 14 नवम्बर को बनेगी, जब रिकॉर्ड मतों के साथ बिहार में राजग की सरकार बनेगी और लालू-राहुल का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

गृह मंत्री ने कहा कि राजग की सरकार राज्य के 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को मुफ्त बिजली दे रही है। वृद्धा पेंशन तीन गुना बढ़ाया गया है। अब बिहार में कहीं जाने में 5 घंटे से ज्यादा का समय नहीं लगता। पहले बिहार में अपहरण और फिरौती की इंडस्ट्री चलती थी। अब बिहार में सड़क और उद्योग लगाने का काम राजग की सरकार कर रही है।

अमित शाह ने कहा कि 550 साल तक रामलला अपनी जन्मभूमि पर एक झोपड़ी में विराजमान थे। जब मंदिर बनाने की बात उठी, तो कांग्रेस और उनके साथी दलों ने विरोध किया। नरेन्द्र मोदी जी ने 2019 में राम मंदिर का भूमि पूजन किया और प्राण प्रतिष्ठा के साथ मंदिर का भव्य निर्माण पूर्ण कराया। बिहार में भी सीतामढ़ी के पुनौराधाम में माता सीता का भव्य मंदिर बन रहा है।

इससे पहले अमित शाह ने आज पटना के अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में नीतीश कुमार से मुलाकात की। करीब 18 मिनट तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। इसके बाद अमित शाह एयरपोर्ट रवाना हो गए। यहां से वह छपरा के तरैया पहुंचे और इस जनसभा को संबोधित किया।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *