Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
BUSINESS

अनंत गोयनका वित्त वर्ष 2025-26 के लिए फिक्की के अध्यक्ष निर्वाचित

अनंत गोयनका का फाइल फोटो

नई दिल्‍ली, 14 अक्‍टूबर (Udaipur Kiran News) । अनंत गोयनका वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के अध्यक्ष निर्वाचित किए गए हैं। वे नई दिल्ली में 28-29 नवंबर को होने वाली 98वीं वार्षिक आम बैठक के समापन पर हर्षवर्धन अग्रवाल का स्थान लेंगे।

फिक्की ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति (एनईसीएम) की बैठक में सोमवार को अनंत गोयनका को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए फिक्की का निर्वाचित अध्यक्ष घोषित किया गया। अनंत गोयनका आरपीजी ग्रुप के उपाध्यक्ष हैं, जो टायर, बुनियादी ढांचा, फार्मा, आईटी और विशेष क्षेत्रों में कार्यरत है। वह ऑटोमोटिव टायर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एटीएमए) के पूर्व अध्यक्ष हैं। अनंत गोयनका ने केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए और पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से अर्थशास्त्र में बीएस की डिग्री हासिल की है।

अनंत गोयनका ने 2012 से 2023 तक के 10 वर्षों के परिवर्तनकारी कार्यकाल में सिएट के प्रबंध निदेशक और मुख्‍य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रहे। उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी के बाजार पूंजीकरण में 25 गुना वृद्धि हुई। इसके साथ ही विश्व आर्थिक मंच से लाइटहाउस मान्यता प्राप्त हुई और 2023 में प्रतिष्ठित डेमिंग ग्रैंड पुरस्कार जीता, जिससे ये सम्मान पाने वाली दुनिया की पहली टायर कंपनी बन गई। सिएट में शामिल होने से पहले उन्‍होंने यूनिलीवर और केईसी इंटरनेशनल के साथ काम किया। उन्हें 2023 में केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से ‘कैबिलर साइंस ऑफ एम्पैथी प्राइज’ से सम्मानित किया गया। अनंत गोयनका को फोर्ब्स द्वारा 2017 में ‘नेक्स्ट जेनरेशन बिजनेस लीडर ऑफ द ईयर’ और इकोनॉमिक टाइम्स-स्पेंसर स्टुअर्ट द्वारा ‘इंडियाज 40 अंडर 40 बिजनेस लीडर्स’ के रूप में भी मान्यता दी गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *