Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

अनूपपुर: संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने धनगवां में जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल जल प्रदाय योजना का किया निरीक्षण

नल जल प्रदाय योजना में हितग्रही के घर में नल से पानी निकाल कर दिखाता
आंगनबाड़ी केंद्र में संभागायुक्त एवं कलेक्टर
संभागायुक्त एवं कलेक्टर उपार्जन केंद्र खूंटा टोला का निरीक्षण करते हुए

अनूपपुर, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बुधवार को शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर हर्षल पंचोली ने जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत ग्राम धनगवां में जल जीवन मिशन के तहत संचालित नल जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान योजना के अंतर्गत निर्मित टंकी की क्षमता, लाभान्वित हो रहे परिवारों तथा शेष कनेक्शन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। जिस पर कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि धनगवां में नल जल योजना के अंतर्गत 200केएल क्षमता की टंकी का निर्माण किया गया है। ग्राम में कुल 790 घर हैं, जिनमें से 600 घरों को नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं और उन्हें नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। शेष घरों में कनेक्शन देने की प्रक्रिया जारी है।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने पेयजल की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी पर अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित अंतराल पर टेक्नीशियन द्वारा जल की नियमित जांच की जाती है, जिससे गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही नल जल योजना के तहत टंकी एवं पाइपलाइन के रखरखाव की व्यवस्था पर चर्चा की गई। बताया गया कि ग्राम पंचायत द्वारा 15 वें वित्त आयोग के अंतर्गत मेंटेनेंस का कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से जल कर वसूली में सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि योजना का संचालन सुचारु रूप से होती रहे।

हितग्राही के घर जाकर नल जल आपूर्ति का किया निरीक्षण

जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत धनगवां में नल जल प्रदाय योजना की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त एवं कलेक्टर ग्राम निवासी कृष्णकर चौधरी के घर पहुंचे। जहां नल से जल प्राप्त होने की व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन कर हितग्राही से प्रतिदिन जल आपूर्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिस पर बताया कि प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल नियमित रूप से मिल रहा है। इस पर संभागायुक्त ने प्रसन्नता व्यक्त की और जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन की सराहना की।

आंगनबाड़ी केंद्र पपरौड़ी का किया निरीक्षण

संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र पपरौड़ी के निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या एवं उनकी नियमित उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा अवगत कराया गया कि केंद्र में कुल 20 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें से प्रतिदिन 15 से 18 बच्चे नियमित रूप से उपस्थित रहते हैं।

संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने बच्चों की खेलकूद गतिविधियों, अध्ययन व्यवस्था, नाश्ता एवं भोजन वितरण की स्थिति का अवलोकन किया। साथ ही पूरक पोषण आहार वितरण की जानकारी लेते हुए धात्री एवं गर्भवती माताओं को मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के 28 बच्चों को नियमित रूप से टीएचआर प्रदान किया जा रहा है, साथ ही 7 धात्री एवं 10 गर्भवती माताओं को भी शासन के निर्देशानुसार पोषण आहार का वितरण किया जा रहा है। इस दौरान संभागायुक्त ने बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों के संबंध जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि बच्चों को प्रतिदिन खेल-खेल में शिक्षा प्रदान की जाए तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सभी शैक्षणिक एवं मानसिक विकास संबंधी सामग्री का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सेम एवं मेम श्रेणी के बच्चों की नियमित निगरानी एवं आवश्यक देखरेख के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में छात्र कृष्णा केवट ने कविताएं सुनाईं जिसकी उन्होने प्रशंसा की।

उपार्जन केंद्र खूंटा टोला का किया निरीक्षण

संभागायुक्त गुप्ता एवं कलेक्टर पंचोली ने आज जिले के जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत उपार्जन केंद्र खूंटा टोला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्लॉट बुकिंग एवं धान उपार्जन की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। समिति प्रबंधक द्वारा अवगत कराया गया कि उपार्जन केंद्र में कुल 320 स्लॉट बुक किए गए हैं, जिनमें से 157 किसानों द्वारा अपने धान का विक्रय पूर्ण किया जा चुका है। वहीं 24 किसान आज धान का उपार्जन करेंगे तथा 81 किसान अभी शेष हैं। उपार्जन केंद्र की परिवहन व्यवस्था, वर्षा से बचाव के उपाय, किसानों के लिए पेयजल, तौल कांटा, छाया की व्यवस्था, पंखा, ऑपरेटर की उपस्थिति, संधारित पंजी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं किसानों के अनुकूल बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अपने समक्ष धान की बोरियों का तौल कराते हुए धान की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया। इस अवसर पर संभागायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही उपार्जन कार्य कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध रखने पर विशेष बल दिया गया।

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *