Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

अनूपपुर: शिवसेना ने केवई नदी पर बांध निर्माण पर जताया विरोध, एसडीएम को पत्र सौंपकर रोकने की मांग

एसडीएम को पत्र सौंपते शिव सैनिक

अनूपपुर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने केवई नदी पर विद्युत पावर प्लांट स्थापित करने के लिए अडाणी समूह द्वारा छतई गांव में बनाये जा रहें बांध के विरोध में सोमवार को कोतमा एसडीएम को 3 सूत्रीय पत्र सौंप कर बांध निर्माण कार्य तुरंत रोकने की अपील की।

शिवसेना जिला अध्यक्ष राजेश महाराणा ने सौंपे गए पत्र में कहा कि कोठी-छतई में बांध निर्माण से कोतमा की जीवनदायिनी केवई नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित होगा। क्षेत्र में जल संकट गहरा सकता है। आशंका है कि बारिश के समय को छोड़कर नदी का पानी आगे नहीं जा पाएगा, जिससे कोतमा, भालूमाड़ा और जमुना क्षेत्रों में पेयजल संकट उत्पन्न होगा। नदी के प्राकृतिक प्रवाह में बदलाव से पारिस्थितिकी तंत्र पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसके अतिरिक्त, नदी के पानी की कमी से कृषि उत्पादन भी प्रभावित होने की संभावना है। शिवसेना ने अडानी कंपनी को कोठी-छतई में केवई नदी पर बनाए जा रहे बांध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश देने की मांग की है।

बांध के विरोध के साथ ही, शिवसेना ने कॉलरी के ठेकेदारों द्वारा मजदूरों के शोषण का मुद्दा भी उठाया। जिसमे बताया गया कि मजदूरों को एचपीसी दरों के अनुसार मजदूरी नहीं दी जा रही है, बल्कि उन्हें मात्र 240 या 250 रुपए का भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा, राधा खदान साइडिंग में आए दिन ट्रेन के डिब्बों से कोयला चोरी कर ईंट भट्टों में बेचने का आरोप लगाया। कॉलरी महाप्रबंधक को ठेकेदारों द्वारा मजदूरों के शोषण को बंद करने और कोयला चोरों पर कार्रवाई करने का निर्देश देने की मांग की। अडानी ग्रुप, जेएमएस कंपनी और रेऊला में खुले पावर प्लांटों को स्थानीय युवाओं को रोजगार प्रदान करने और क्षेत्र के विकास में योगदान देने का भी निर्देश देने की अपील की।

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *