Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

छह माह से अधिक लंबित सभी राजस्व मामलों का एक माह में निपटारा सुनिश्चित करें: अपूर्व देवगन

कोटली में पुराने पंचायत घर में बनाया जा रहा पुस्तकालय कक्ष।

मंडी, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने मंडी जिला के कोटली उपमंडल के एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय तथा उपतहसील कार्यालय का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि छह महीने से अधिक समय से लंबित सभी राजस्व मामलों का एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है और इससे आम जनता को सीधे तौर पर सुविधा और राहत मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तहसील कोटली में 1 सितंबर से 30 नवंबर की अवधि में किए गए कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान तहसीलदार द्वारा कुल 57 मामलों का निपटारा किया गया, जिनमें तकसीम के 12 तथा निशानदेही के 25 मामले शामिल हैं। वर्तमान में तहसील कार्यालय में कुल 148 मामलों में से 91 राजस्व मामले लंबित हैं।

नायब तहसीलदार द्वारा इसी अवधि में 26 मामलों का निपटारा किया गया है, जबकि 88 राजस्व मामले अभी लंबित हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि पुराने और छह माह से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर निपटाया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

उपायुक्त ने एसडीएम कार्यालय में आपदा राहत कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि कोटली उपमंडल में सभी पात्र आपदा प्रभावितों को राहत राशि वितरित की जा चुकी है। जिनके घर पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए थे, उन्हें चार-चार लाख रुपए की पहली किश्त तथा जिनके घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि उपमण्डल में आपदा राहत कार्यों का निष्पादन संतोषजनक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया गया है।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कोटली पंचायत के पुराने पंचायत घर में बनाए जा रहे पुस्तकालय कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही इस पुस्तकालय में पढ़ने की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *