Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

उज्ज्वला योजना 3.0 के लिए आवेदन शुरू, 25 लाख अतिरिक्त निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन स्वीकृत

आयोजन के दौरान गैस वितरण कंपनियों के अधिकारी व वितरक समूह में खड़े हुए ।

धमतरी, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती रसोई ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तीसरे चरण (3.0) के अंतर्गत देशभर में 25 लाख अतिरिक्त निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन स्वीकृत किए हैं।

इस महत्वपूर्ण निर्णय से उज्ज्वला योजना के दायरे का और विस्तार होगा। सोमवार को धमतरी में गैस वितरण कंपनियों के अधिकारियों ने उज्ज्वला योजना 3.0 को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। इंडियन आयल के मंडल एलपीजी प्रमुख श्रीपाद बक्शी और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मंगेश डोंगरे ने बताया कि उज्ज्वला योजना में किसी प्रकार का लक्ष्य निर्धारित नहीं है। देशभर में जहां से भी पात्र लाभार्थी मिलेंगे, उन्हें कनेक्शन दिया जाएगा। धमतरी जिले में वर्तमान में 1,36,660 उज्ज्वला कनेक्शन हैं, जिनमें से 83.4 प्रतिशत लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है। वहीं जिले में 14 डिस्ट्रीब्यूटरों के माध्यम से कुल 2,31,000 गैस कनेक्शनधारी हैं, जिनमें से 74.7 प्रतिशत का ई-केवाईसी किया जा चुका है। अब भी 46,426 उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी लंबित है। जानकारी के अनुसार उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रति रिफिल 360 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाती है।

इस अवसर पर कंपनी प्रतिनिधि नितिन जैन, निर्मल माहेश्वरी सहित स्थानीय वितरक मोहनलाल अग्रवाल, रतनलाल अग्रवाल, हेतल संघवी, रेखा मंडावी और मनोज साहू उपस्थित रहे। मालूम हो कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में की गई थी, जिसका उद्देश्य गरीब परिवारों की वयस्क महिलाओं को बिना किसी जमा राशि के एलपीजी कनेक्शन प्रदान करना है।

कौन कर सकता है आवेदन:

उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत वे गरीब परिवार आवेदन कर सकते हैं, जिनके घर में पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन नहीं है। एक परिवार में केवल एक ही महिला सदस्य को एलपीजी कनेक्शन दिया जाएगा। आवेदन के लिए केवाईसी फार्म (फोटो सहित), निवास प्रमाण पत्र, परिवार संरचना से संबंधित दस्तावेज (राशन कार्ड अथवा राज्य शासन द्वारा जारी प्रमाण पत्र), आवेदक एवं परिवार के सभी वयस्क सदस्यों का आधार, बैंक खाता विवरण तथा वंचना घोषणा पत्र अनिवार्य होगा।

आवेदन नजदीकी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप, ऑनलाइन माध्यम या कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए किए जा सकते हैं। योजना के तहत लाभार्थियों को निःशुल्क पैक दिया जाएगा, जिसमें बिना प्रतिभूति राशि का एलपीजी सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर, सुरक्षा होज, डोमेस्टिक गैस उपभोक्ता कार्ड, प्रशासनिक शुल्क माफी के साथ निःशुल्क गैस चूल्हा और पहला रिफिल शामिल होगा।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *