Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

मेसी के आयोजन में अराजकता के चलते अरूप विश्वास का इस्तीफा मंजूर

ममता

अब खेल मंत्रालय भी संभालेंगी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

कोलकाता, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था के मामले में बड़ा राजनीतिक फैसला सामने आया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खेल मंत्री अरूप विश्वास द्वारा सफेद पेपर पर हाथ से लिखकर भेजा गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि निष्पक्ष जांच पूरी होने तक खेल और युवा कल्याण विभाग किसी अन्य मंत्री को नहीं सौंपा जाएगा और फिलहाल यह विभाग वह स्वयं संभालेंगी।

अरूप विश्वास ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा है कि युवभारती कांड की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए वह खेल मंत्री पद से स्वयं को मुक्त करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस पत्र को स्वीकार करते हुए अरूप विश्वास की भावना और उद्देश्य की सराहना की है। अपने जवाबी पत्र में उन्होंने लिखा कि जब तक पूरी तरह निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक वह स्वयं इस विभाग की जिम्मेदारी निभाएंगी।

अरूप विश्वास राज्य सरकार में खेल और युवा कल्याण विभाग के साथ साथ विद्युत विभाग के भी मंत्री हैं। उन्होंने केवल खेल विभाग से इस्तीफा दिया है और उनका यह इस्तीफा स्वीकार होने के बावजूद वह मंत्रिमंडल में बने रहेंगे। मंगलवार को अरूप विश्वास का यह इस्तीफा तृणमूल कांग्रेस के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने सार्वजनिक किया। पत्र पर 15 दिसंबर की तारीख दर्ज थी। इस्तीफे की पेशकश के बाद खेल और युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नवान्न तलब किया गया और इसके बाद आधिकारिक तौर पर इस्तीफा स्वीकार किए जाने की पुष्टि हुई।

गौरतलब है कि 13 दिसंबर को युवभारती में आयोजित फुटबॉल कार्यक्रम के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। हजारों दर्शक महंगे टिकट लेकर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मेसी की झलक तक देखने नहीं मिल सकी। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान मंत्री और अति विशिष्ट अतिथियों की भीड़ मेसी के आसपास जमा रही, जिससे आम दर्शक खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगे। इस घटना के बाद अरूप विश्वास की मेसी के साथ करीबी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके चलते उन्हें तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा और सरकार भी सवालों के घेरे में आ गई। हालात तब और बिगड़ गए जब गुस्साए लोगों ने वहां हंगामा किया और अराजकता की स्थिति पैदा हो गई।

इस पूरे मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री ने पहले ही एक जांच समिति गठित की थी। समिति की सिफारिश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया है। जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट नवान्न में सौंप दी थी, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर भी सख्त कदम उठाए गए।युवभारती कांड को लेकर राज्य पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विधाननगर के पुलिस आयुक्त मुकेश कुमार से भी चौबीस घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। कार्यक्रम के दिन जिम्मेदारी संभाल रहे विधाननगर पुलिस के उपायुक्त अनीश सरकार के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं और जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा खेल और युवा कल्याण विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार सिन्हा को भी कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। युवभारती क्रीड़ांगन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवकुमार नंदन को पद से हटा दिया गया है।

मुख्य सचिव मनोज पंत के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जांच समिति की सिफारिशों के आधार पर यह सभी कदम उठाए गए हैं और मामले की गहन जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *