Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

एशेज टेस्ट: कमिंस और लियोन के आगे इंग्लैंड बेबस, दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया का दबदबा

विकेट लेने की खुशी मनाते कमिंस और लाबुसेन

एडिलेड 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कप्तान पैट कमिंस (3/54) और अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन (2/51) की अगुआई में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने एडिलेड ओवल में खेले जा रहे तीसरे एशेज टेस्ट के दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड के 8 विकेट केवल 213 पर गिरा दिए। इंग्लैंड अब ऑस्ट्रेलिया से 158 रन पीछे है।

दूसरे दिन सुबह इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को 371 रन पर समेटते हुए अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया। दिन की शुरुआत में मिचेल स्टार्क और नाथन लियोन ने अपनी रात की साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए स्कोर को 326/8 से 344 तक पहुंचाया। स्टार्क ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 73 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने उनकी 54 रन की पारी का अंत किया। आर्चर ने लियोन का विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की पारी समाप्त की और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना तीसरा पांच विकेट हॉल सहित कुल चौथा फाइफर पूरा किया।

जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत सकारात्मक रही, लेकिन कप्तान पैट कमिंस ने आठवें ओवर में जैक क्रॉली को आउट कर पहली सफलता दिलाई। इसके बाद नाथन लियोन ने अपने पहले ही ओवर में ओली पोप और बेन डकेट को लगातार दो गेंदों पर आउट कर इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया। इस दौरान लियोन ने ग्लेन मैक्ग्राथ (563 विकेट) को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने का कीर्तिमान भी रच दिया।

जो रूट और हैरी ब्रूक ने कुछ देर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन कमिंस ने रूट को विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। कप्तान बेन स्टोक्स और हैरी ब्रूक ने संघर्ष दिखाया, लेकिन बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। ब्रूक 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि स्टोक्स 45 रन बनाकर नाबाद रहे।

दिन के खेल में अंपायरिंग और स्निको तकनीक को लेकर भी विवाद देखने को मिला। जेमी स्मिथ के दो फैसलों पर सवाल उठे, जिससे इंग्लैंड के खेमे में नाराजगी दिखी। मिचेल स्टार्क ने स्टंप माइक पर स्निको तकनीक की आलोचना करते हुए इसे ‘सबसे खराब तकनीक’ तक कह दिया।

स्कॉट बोलैंड ने विल जैक्स और ब्रायडन कार्स को सस्ते में आउट कर इंग्लैंड की मुश्किलें और बढ़ा दीं। दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड 213/8 रन बना सका।

अब ऑस्ट्रेलिया की नजरें तीसरे दिन इंग्लैंड को जल्दी समेटकर बड़ी बढ़त हासिल करने पर होंगी।

संक्षिप्त स्कोर:

इंग्लैंड 213/8 (हैरी ब्रूक 45, बेन स्टोक्स 45*; पैट कमिंस 3/54, नाथन लियोन 2/51)

ऑस्ट्रेलिया 371 (एलेक्स कैरी 106, उस्मान ख्वाजा 82, मिचेल स्टार्क 54; जोफ्रा आर्चर 5/53)

इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया से 158 रन पीछे

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *