Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

अंबिकापुर: परीक्षा फॉर्म की तिथि बढ़ाने और परिणामों में सुधार की मांग, आजाद सेवा संघ ने कुलपति को लिखा पत्र

कुलपति को पत्र
रचित मिश्रा

अंबिकापुर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर के कुलपति को पत्र लिखकर छात्र हितों से जुड़ी गंभीर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। पत्र के माध्यम से उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान उन छात्रों की ओर आकृष्ट कराया है, जो तकनीकी कारणों और परीक्षा परिणामों में त्रुटियों के चलते सत्र 2025-26 की मुख्य वार्षिक परीक्षा का फॉर्म भरने से वंचित हो रहे हैं।

रचित मिश्रा ने बताया कि स्नातक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के अनेक छात्र ऐसे हैं, जिन्होंने नियमित रूप से परीक्षा में उपस्थिति दर्ज कराई थी, इसके बावजूद घोषित परिणामों में उन्हें ‘अनुपस्थित’ दर्शाया गया है। इस तरह की गंभीर त्रुटियों के कारण संबंधित छात्र न केवल मानसिक रूप से परेशान हैं, बल्कि समय पर आगामी परीक्षा फॉर्म भर पाने में भी असमर्थ हो रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया है कि विश्वविद्यालय स्तर पर इन परिणामों का प्राथमिकता से सुधार किया जाए, ताकि छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय से संबद्ध कई महाविद्यालय सुदूर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां छात्रों को इंटरनेट की धीमी गति और सर्वर संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित है, जिससे बड़ी संख्या में छात्र आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए आजाद सेवा संघ ने परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को कम से कम 10 दिन और बढ़ाने की मांग की है।

रचित मिश्रा ने विश्वास जताया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की इन व्यावहारिक कठिनाइयों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक निर्णय करेगा। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा फॉर्म की तिथि बढ़ाई जाती है और परिणामों में सुधार किया जाता है, तो इससे हजारों छात्रों का भविष्य सुरक्षित होगा और वे बिना किसी मानसिक दबाव के अपनी वार्षिक परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे।

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *