Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्र के महेश्वर में जाम गेट पर पैर फिसलने से बीटेक स्टूडेंट खाई में गिरा, मौत

मप्र के महेश्वर में जाम गेट पर पैर फिसलने से बीटेक स्टूडेंट खाई में गिरा

महेश्वर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मंडलेश्वर-महू मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जाम गेट पर मंगलवार सुबह बंदर को बिस्किट खिलाते समय पैर फिसलने से बी टेक का छात्र खाई में जा गिरा। युवक के साथियों ने पुलिस को सूचित किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे ढूंढा जा सका। युवक को कई घंटों के बाद खाई से निकाला गया, तब इसकी धड़कन चल रही थी। उसे मंडलेश्वर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर मामले की तफ़्तीश भी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे की है। कुक्षी निवासी सुजल कन्नौज (26) अपने तीन दोस्तों विजय मुजाल्दा (25), मंसाराम सोलंकी (27) और लोकेश के साथ थार गाड़ी क्रमांक एमपी 17 सीडी 0511 से जाम गेट घूमने आया था। वे लोग सुबह 4 बजे निकले थे। करीब 6 बजे जाम गेट पहुंचे। दो दोस्त मैगी बनवाकर खा रहे थे। इसी दौरान सुजल बंदरों को बिस्किट खिला रहा था। वह बंदरों को बिस्किट खिला रहा था तभी पैर फिसलने से करीब 500 मीटर नीचे जा गिरा। हादसे के करीब 3 घंटे बाद मंडलेश्वर पुलिस टीम ने खाई में उतरकर सुजल की तलाश शुरु की। वह मिला तो लेकिन बुरी तरह घायल हो चुका था। तब सुजल की सांसे चल रही थीं। उसे कंबल में लपेटकर ऊपर लाया गया और वहां खड़ी एंबुलेंस से तुरंत मंडलेश्वर अस्पताल भेजा गया। हालांकि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सुजल को मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय निवासी जितेंद्र बारिया पटेल ने बताया कि वे लोग चार दोस्त थे। उनमें से एक युवक खाई के एकदम किनारे खड़ा होकर बंदरों को बिस्किट खिला रहा था। शायद वह सेल्फी भी ले रहा था। अचानक उसका पैर फिसला और नीचे खाई में गिर गया। खाई इतनी गहरी है कि युवक पल भर में आंखों से ओझल हो गया। मंडेलश्वर थाने के प्रधान आरक्षक संजय यादव ने बताया कि युवक को नाजुक हालत में कंबल में लपेटकर ऊपर लाया गया था। ऊपर एम्बुलेंस खड़ी थी, जिससे तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया। रेस्क्यू में 6 घंटे लगे। चारों दोस्त एक ही गांव पुनर्वास के रहने वाले हैं। इंदौर में रूम किराए से लेकर पढ़ाई करते हैं। सुजल इंदौर के डीएवीवी में बीटेक फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। उसके परिवार में दो बहनें और बड़ा भाई है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *