बलोचिस्तान लिबरेशन फ्रंट ने क्वेटा और तुरबत में सेना पर हथगोले दागे, सीपीईसी राजमार्ग अवरुद्ध किया

क्वेटा (बलोचिस्तान) पाकिस्तान, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आजादी समर्थक सशस्त्र समूह बलोचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने क्वेटा और तुरबत को नियंत्रण में लेने का प्रयास कर रहे पाकिस्तान के सैनिकों को हथगोलों से निशाना बनाया। इसके अलावा बासीमा में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया। यह जानकारी बीएलएफ प्रवक्ता मेजर घोरम बलोच ने दी।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, बीएलएफ प्रवक्ता मेजर बलोच ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि लड़ाकों ने 12 दिसंबर की आधी रात 1:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक बासीमा के पाटक इलाके में सीपीईसी राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया। यह गलियारा चीन के शिनजियांग प्रांत को पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह से जोड़ता है। प्रवक्ता के अनुसार, इस दौरान कस्टम विभाग के दो कर्मचारियों को कब्जे में लिया गया है। पूछताछ पूरी होने के बाद उनकी रिहाई के बारे में फैसला लिया जाएगा।
प्रवक्ता बलोच ने कहा कि लड़ाकों ने 12 दिसंबर की रात करीब नौ बजे तुरबत के अबसार के आप दारुक इलाके में पाकिस्तान सेना की एक पोस्ट पर हथगोले दागे। हथगोले पोस्ट के अंदर गिरे। इससे जान-माल का नुकसान हुआ। इसके अलावा 13 दिसंबर की आधीरात बाद करीब दो बजे क्वेटा में कमरानी रोड पर कच्ची बेग पुलिस स्टेशन के गेट के बाहर फ्रंटियर कॉर्प्स के तीन जवानों को हथगोलों से निशाना बनाया गया। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। खबर लिखे जाने तक पाकिस्तान के अधिकारियों ने बीएलएफ के दावों पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद



