Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

बलरामपुर : घने कोहरे के चलते ट्रक से टकराई कार, छह लोग घायल

हादसे की फाेटाे
हादसे की फाेटाे

बलरामपुर, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बलरामपुर जिले में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा अब जानलेवा साबित होने लगा है। साेमवार सुबह अंबिकापुर–बनारस मुख्य मार्ग पर जमाई क्षेत्र के पास अचानक हुए एक सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। कोहरे के कारण सामने से आ रहे ट्रक को समय पर न देख पाने से अर्टिगा कार उससे जा टकराई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के वक्त कार में एक ही परिवार के छह सदस्य सवार थे, जिनमें दो महिलाएं, दो बच्चे, एक बुजुर्ग और चालक शामिल थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह दब गया। गनीमत रही कि सभी घायलों को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया।

सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सिविल अस्पताल वाड्रफनगर भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर बताई है। घायल रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 12 के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर कुछ देर बाद यातायात सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा और बेहद कम दृश्यता बताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में इन दिनों कोहरे का असर लगातार बढ़ रहा है। सुबह के समय हालात ऐसे हैं कि कुछ स्थानों पर कुछ मीटर आगे देख पाना भी मुश्किल हो गया है। इस वजह से राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतें, अनावश्यक तेज गति से बचें और यात्रा के दौरान फॉग लाइट व संकेतों का उपयोग जरूर करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

—————

(Udaipur Kiran) / विष्णु पांडेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *