Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

बांग्लादेश ने रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान को हराया, सीरीज़ में 1-0 की बढ़त

परवेज हुसैन इमरान शॉट खेलते हुए

शारजाह, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

बांग्लादेश ने राशिद खान की शानदार गेंदबाज़ी के बावजूद तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ के पहले मुकाबले में गुरुवार देर रात अफगानिस्तान को 4 विकेट से हराकर 1-0 की बढ़त बना ली।

लक्ष्य 152 रनों का था, जहां बांग्लादेश ने शुरुआती जोड़ी के शानदार अर्धशतकों के दम पर मजबूत शुरुआत की लेकिन बीच में राशिद ने मैच का रुख बदल दिया।

बांग्लादेश ने पारी की शुरुआत संभलकर की और पहले तीन ओवरों में सिर्फ 14 रन बनाए। इसके बाद तंजीद हसन तमीम और परवेज हुसैन इमरान ने आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए पावरप्ले में 50 रन जोड़ दिए। दोनों बल्लेबाज़ों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और टीम का स्कोर 10 ओवर में बिना विकेट खोए 95 पर पहुंचा दिया।

ऐसा लग रहा था कि मैच एकतरफा हो जाएगा, लेकिन फरीद अहमद ने अफगानिस्तान को पहला झटका दिया और इसके बाद राशिद खान ने घातक स्पेल डालते हुए मैच को रोमांचक बना दिया। राशिद ने एक ही ओवर में तंजीद और सैफ हसन को आउट किया और फिर अपने आखिरी ओवर में दो और विकेट झटके। इस दौरान बांग्लादेश 109/0 से अचानक 118/6 पर पहुंच गया।

हालांकि, नुरुल हसन और रिशत हुसैन ने संभलकर बल्लेबाज़ी की और अहम मौकों पर बाउंड्री लगाई। आख़िर में नुरुल हसन ने लगातार दो छक्के लगाकर 19वें ओवर में ही जीत दिला दी।

इससे पहले अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 151/9 रन बनाए। रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने सर्वाधिक 40 रन बनाए जबकि मोहम्मद नबी ने 38 रन की तेज़ पारी खेली। आखिरी ओवरों में नबी और शरफुद्दीन अशरफ की पारियों की बदौलत टीम 150 से आगे पहुंची।

संक्षिप्त स्कोरकार्ड:

अफगानिस्तान – 151/9, 20 ओवर (रहमानुल्लाह गुरबाज़ 40, मोहम्मद नबी 38; रिशत हुसैन 2/33)

बांग्लादेश – 153/6, 18.4 ओवर (परवेज हुसैन इमरान 54, तंजीद हसन तमीम 51; राशिद खान 4/18)

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *