Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

अंतरराष्ट्रीय रेलवे उपकरण प्रदर्शनी में बरेका मंडप ने बिखेरी तकनीकी नवाचार की आभा

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार शुक्रवार को बरेका मंडप में प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए

– तकनीकी नवाचारों की अलौकिक झलक देख अभिभूत हुए रेलव बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार

– तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय रेलवे उपकरण प्रदर्शनी का हुआ भव्य समापन

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । एशिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय रेलवे उपकरण प्रदर्शनी (आईआरईई–2025) के 16वें संस्करण का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। 15 से 17 अक्टूबर तक चले इस तीन दिवसीय आयोजन में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के तकनीकी कौशल, स्वदेशी नवाचारों और हरित समाधानों की अद्भुत प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया।

प्रदर्शनी के दौरान रेलवे बोर्ड (रेल मंत्रालय) के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार ने बरेका मंडप का विस्तृत अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित अत्याधुनिक लोकोमोटिव तकनीकों एवं उनमें प्रयुक्त होने वाले स्वदेशी उपकरणों की सराहना करते हुए कहा कि बरेका मंडप भारतीय रेल की तकनीकी आत्मनिर्भरता और नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। यहां प्रदर्शित अमृत भारत एवं एरोडायनेमिक लोको भारतीय रेलवे के स्वर्णिम भविष्य की झलक देती हैं।

इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अध्यक्ष और सीईओ, रेलवे बोर्ड सतीश कुमार को पुष्पगुच्छ प्रदान कर हार्दिक स्वागत किया और स्मृति स्वरूप लोको मॉडल भेंट भी किया।

सतीश कुमार ने ‘अमृत भारत पुश–पुल तकनीक, डब्ल्यूएजी–9, डब्ल्यूएपी–7, तथा बरेका द्वारा डिज़ाइन की गई ऐरोडायनेमिक डब्ल्यूएपी–7 लोकोमोटिव’ का अवलोकन किया और इन्हें ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के अनुरूप भारतीय रेल की सतत प्रगति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि श्रीलंका, बांग्लादेश, मोज़ाम्बिक सहित 11 देशों को निर्यात किए गए इंजन भारत की वैश्विक तकनीकी विश्वसनीयता और बरेका की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का जीवंत प्रमाण हैं।

बरेका मंडप के भीतर रनिंग एवं स्टेटिक लोको मॉडल तथा डिजिटल डिस्प्ले द्वारा लघु फिल्मों का इंटरएक्टिव प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बरेका की रेल परियोजनाओं और नवाचारों को इतने प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया कि आगंतुक अभिभूत हुए बिना नहीं रह सके।

बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने इस अवसर पर बरेका टीम की सराहना करते हुए कहा कि आईआरईई–2025 में बरेका मंडप ने तकनीकी उत्कृष्टता एवं श्रेष्ठ नवाचार को जिस सौंदर्य के साथ प्रस्तुत किया गया है, वह टीम भावना और समर्पण के प्रति हमारी अटूट निष्ठा का परिणाम है। बरेका मंडप में टीम बरेका ने अपने उपलब्धियों को बेहतरीन ढंग से प्रस्तुत किया गया है जिससे कि बरेका की तकनीकी उत्कृष्टता एवं श्रेष्ठ नवाचार की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और सुदृढ़ हुई है। बरेका मंडप में लोकोमोटिव के क्षेत्र में किए गए तकनीकी नवाचार क्रांति आए हुए आगंतुकों को बेहद प्रभावित किया है,जो हम सभी बरेका परिवार के लिए गर्व का अनुभूति कराता है।

उन्होंने प्रदर्शनी की सफलता में सक्रिय सहयोग देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की।

इस अवसर पर मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) एम.के. गुप्ता, मुख्य गुणवत्ता आश्वासन प्रबंधक एस.बी. पटेल, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग कुमार गुप्ता, वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक एस.के. सिंह एवं जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित बरेका की समर्पित टीम ने मंडप की अवधारणा से लेकर प्रस्तुति तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

—————

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *