Skip to content
Tuesday, 24 November 2026
BREAKING
TECHNOLOGY

भारत में तीन नए प्रीमियम स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में वीवो

उदयपुर, 24 नवंबर: वीवो भारत में 26 नवंबर को अपनी वीवो X500 सीरीज लॉन्च करके प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में बड़ा दांव चलने की तैयारी में है। इस सीरीज में तीन स्मार्टफोन शामिल होंगे: वीवो X500, वीवो X500 प्रो और वीवो X500 प्रो मैक्स। खास बात यह है कि प्रो मैक्स मॉडल पहली बार भारत में पेश किया जा रहा है। इन स्मार्टफोन्स के साथ ही कंपनी वीवो वॉच जीटी 2 और जाइस (ZEISS) टेलीफोटो कनवर्टर किट भी पेश करेगी।

वीवो X500 प्रो मैक्स मूनलिट ब्लैक कलर में आएगा। इसमें 12 जीबी या 16 जीबी रैम और 256 जीबी या 512 जीबी स्टोरेज के विकल्प मिलेंगे, जिसकी कीमत ₹99,999 रखी गई है।

वीवो X500 सीरीज को खास तौर पर शानदार कैमरा फीचर्स और प्रीमियम परफॉर्मेंस को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कंपनी ने प्रो और प्रो मैक्स मॉडल्स के कैमरा सिस्टम को जाइस (ZEISS) के साथ मिलकर डेवलप किया है। वीवो X500 प्रो मैक्स को लेकर बाजार में काफी चर्चा है, क्योंकि इसमें 200 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, फोन में मूविंग सब्जेक्ट्स (चलती-फिरती चीजों) को ट्रैक करने के लिए टेलीफोटो एएफ ट्रैकिंग वीडियो फीचर भी दिया जाएगा।

वीवो X500 के फीचर्स

वीवो X500 में 6.59-इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले हो सकता है, जो 144 Hz रिफ्रेश रेट और 4000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस के साथ आएगा। इसमें मीडियाटेक डाइमेंसिटी 9600M प्रोसेसर दिया जा सकता है। बैटरी की बात करें तो फोन में 7500mAh की बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है, जो 90W वायर्ड और 40W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करेगी।

कैमरा सेटअप के लिए, वीवो X500 में ट्रिपल रियर कैमरा दिया जा सकता है, जिसमें 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा, 64 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा और 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल होगा। फोन को धूल और पानी से बचाने के लिए इसमें IP68 और IP69 रेटिंग भी मिल सकती है।

प्रो मॉडल के कॉम्पैक्ट फीचर्स

वीवो X500 प्रो उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो फ्लैगशिप कैमरा और दमदार फीचर्स वाला एक कॉम्पैक्ट (छोटा) फोन चाहते हैं। इसमें 144 Hz रिफ्रेश रेट वाला 6.36-इंच का LTPO OLED डिस्प्ले होने की उम्मीद है। फोन में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 9600 प्रो प्रोसेसर और 6510mAh की बैटरी मिल सकती है, साथ ही यह 90W वायर्ड और 40W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करेगा।

सबसे प्रीमियम फोन

अब बात करते हैं इस सीरीज के सबसे प्रीमियम मॉडल की। वीवो X500 प्रो मैक्स में 6.85-इंच का 2K डिस्प्ले और 144 Hz रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है। यह मीडियाटेक डाइमेंसिटी 9600 प्रो प्रोसेसर से लैस हो सकता है। लीक्स के मुताबिक, इसके कैमरा सेटअप में 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा, 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 200 मेगापिक्सल का जाइस टेलीफोटो कैमरा शामिल हो सकता है।

प्रो मैक्स की सबसे बड़ी खूबी इसकी 8000mAh की भारी-भरकम बैटरी हो सकती है, जिसमें 90W वायर्ड और 40W वायरलेस चार्जिंग मिलने की उम्मीद है। यह फोन जाइस टेलीफोटो एक्सटेंडर को भी सपोर्ट करेगा, जिससे दूर की फोटोग्राफी के लिए जूम क्षमता और बढ़ जाएगी, हालांकि इस एक्सटेंडर को अलग से खरीदना पड़ सकता है।

कीमत की जानकारी

कीमत की बात करें तो वीवो ने अभी तक भारत में आधिकारिक कीमतों का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, लीक्स से पता चलता है कि 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले वीवो X500 की कीमत ₹1,19,999 हो सकती है। वीवो X500 प्रो की कीमत ₹1,49,999 होने की उम्मीद है, जबकि X500 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत ₹1,59,999 बताई जा रही है। 12GB रैम और 512GB स्टोरेज वाले प्रो मैक्स मॉडल की कीमत ₹1,79,999 तक जा सकती है।

अगर आप वीवो का यह सबसे प्रीमियम कैमरा फोन खरीदने का मन बना रहे हैं, तो इसके प्रो मैक्स फोटोग्राफी किट के लिए आपको जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है, जिसकी कीमत करीब ₹2,29,999 होने की चर्चा है। हालांकि, असली कीमतों से पर्दा 26 नवंबर को लॉन्च इवेंट में ही उठेगा।

भारत में तीन नए प्रीमियम स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में वीवो

Share