WhatsApp लेकर आया कमाल का डुअल कैमरा फीचर, एक साथ काम करेंगे दोनों कैमरे

उदयपुर, 24 नवंबर: WhatsApp अपने यूजर्स के एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स ला रहा है। इसी कड़ी में कंपनी अब एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक खास ‘डुअल कैमरा मोड’ रोलआउट कर रही है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने फोन के फ्रंट और रियर (बैक) दोनों कैमरों से एक साथ फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर सकेंगे। इसका मतलब है कि अब आप सामने का खूबसूरत नजारा दिखाने के साथ-साथ अपना रिएक्शन भी एक साथ रिकॉर्ड कर पाएंगे।
इस नए फीचर की जानकारी WhatsApp के अपडेट्स पर नजर रखने वाली एक वेबसाइट ने दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर फिलहाल चुनिंदा एंड्रॉयड बीटा टेस्टर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। इसे WhatsApp के एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.46.9 में देखा गया है और कंपनी धीरे-धीरे दूसरे बीटा यूजर्स को भी इसका एक्सेस दे रही है।
एक साथ काम करेंगे फोन के दोनों कैमरे
WhatsApp के इस नए डुअल कैमरा मोड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें फ्रंट और रियर दोनों कैमरे एक साथ काम करेंगे। आमतौर पर जब यूजर्स किसी जगह की फोटो या वीडियो लेते हैं, तो वे सिर्फ सामने का नजारा ही रिकॉर्ड कर पाते हैं। अपना चेहरा या रिएक्शन दिखाने के लिए उन्हें अलग से सेल्फी कैमरा इस्तेमाल करना पड़ता था।
लेकिन इस नए फीचर के आने के बाद ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जब डुअल कैमरा मोड ऑन होगा, तो रियर कैमरा पूरी स्क्रीन पर दिखेगा, जबकि फ्रंट कैमरे का व्यू स्क्रीन के ऊपरी दाएं कोने में एक छोटी विंडो में नजर आएगा। इस तरह एक ही फोटो या वीडियो में सामने का नजारा और यूजर का चेहरा, दोनों एक साथ कैद हो सकेंगे।
कैमरा विंडो को कर सकेंगे एडजस्ट
WhatsApp ने इस फीचर में यूजर्स को कैमरा लेआउट बदलने का ऑप्शन भी दिया है। स्क्रीन पर दिखने वाली छोटी कैमरा विंडो को यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से ड्रैग करके कहीं भी रख सकते हैं। इससे वीडियो में कोई जरूरी चीज छिपने की परेशानी नहीं होगी। इसके अलावा, कैमरा बदलने के लिए इंटरफेस में एक रोटेट बटन भी दिया जाएगा। इसकी मदद से यूजर्स फ्रंट और रियर कैमरे की पोजीशन बदल सकेंगे—यानी अगर वे चाहें तो मेन स्क्रीन पर फ्रंट कैमरा और छोटी विंडो में रियर कैमरा भी दिखा सकते हैं।
फोटो के साथ-साथ वीडियो भी कर सकेंगे रिकॉर्ड
यह नया डुअल कैमरा मोड सिर्फ फोटो खींचने तक ही सीमित नहीं है। यूजर्स दोनों कैमरों का इस्तेमाल करके वीडियो भी रिकॉर्ड कर सकेंगे। फोटो क्लिक करते समय दोनों कैमरों के व्यू को मिलाकर एक ही इमेज बन जाएगी। वहीं वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान दोनों कैमरे एक साथ चलेंगे और उनका फुटेज एक ही वीडियो क्लिप में सेव होगा। इस फीचर का इस्तेमाल ट्रैवल वीडियो, व्लॉग्स, रिएक्शन वीडियो और ट्यूटोरियल्स के लिए बड़े आराम से किया जा सकता है। सबसे खास बात यह है कि इसके लिए यूजर्स को किसी थर्ड-पार्टी ऐप या अलग से वीडियो एडिटिंग टूल की जरूरत नहीं पड़ेगी।
फिलहाल WhatsApp का यह डुअल कैमरा मोड कुछ चुनिंदा एंड्रॉयड बीटा टेस्टर्स के लिए ही उपलब्ध है। इसके लिए WhatsApp बीटा वर्जन 2.26.46.9 होना जरूरी है। हालांकि, सिर्फ यह वर्जन इंस्टॉल कर लेने से ही यह फीचर मिल जाए ऐसा पक्का नहीं है, क्योंकि कंपनी इसे धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए जारी कर रही है।
WhatsApp लेकर आया कमाल का डुअल कैमरा फीचर, एक साथ काम करेंगे दोनों कैमरे
