Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

भोपालः कलेक्टर सहित 551 अधिकारी-कर्मचारी एएसडीआर सूची के भौतिक सत्यापन में जुटे

कलेक्टर सहित 551 अधिकारी-कर्मचारी एएसडीआर सूची के भौतिक सत्यापन में जुटे

– कलेक्टर ने स्वयं 20 से अधिक मतदाताओं का घर-घर जाकर किया सत्यापन

भोपाल, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अंतर्गत एएसडीआर(मृत, अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट एवं अन्य) श्रेणी में दर्ज मतदाताओं का भौतिक सत्यापन भोपाल जिले में व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। इस अभियान में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह सहित कुल 551 अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से मैदान में कार्यरत हैं।

कलेक्टर सिंह ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-153 के मतदान केंद्र क्रमांक-150 की एएसडीआर सूची में दर्ज 92 मतदाताओं में से 20 से अधिक मतदाताओं का न्यू सुभाष नगर क्षेत्र में बीएलओ एवं सुपरवाइजर के साथ घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन किया। मौके पर ही मतदाताओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई, जिसमें यह सामने आया कि अधिकांश मतदाता या तो स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं अथवा कुछ मतदाताओं का निधन हो चुका है, जिसके कारण उनके नाम ASDR सूची में दर्ज हैं।

भोपाल जिले की सभी 7 विधानसभाओं के 554 मतदान केंद्रों पर कुल 2 लाख 7 हजार 378 मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया जाना है। इस कार्य के लिए 525 अधिकारी, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है, जिन्हें बूथवार दायित्व सौंपा गया है। 15 एवं 16 दिसंबर को अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे, जिसके माध्यम से अगले दो दिनों में 2 लाख से अधिक मतदाताओं की जांच की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी

भौतिक सत्यापन कार्य में निगम कमिश्नर संस्कृति जैन को 104 मतदाता, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी को 108, एडीएम सुमित पांडेय को 109, अंकुर मेश्राम को 106, पी.सी. शाक्य को 103 तथा प्रकाश नायक को 101 मतदाताओं के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता सहित सभी संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को विधानसभा अनुसार दायित्व सौंपे गए हैं। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा किए गए सत्यापन के दौरान कई घरों में यह जानकारी सामने आई कि सूची में दर्ज मतदाता पूर्व में किराएदार के रूप में निवासरत थे, जो अब मकान खाली कर अन्यत्र जा चुके हैं। वहीं कुछ मामलों में मतदाताओं की मृत्यु की पुष्टि भी हुई। भौतिक सत्यापन के दौरान आरिफ खान के सऊदी अरब स्थानांतरित होने, रमेश कुमार के निधन तथा विनोद पाल, बिक्की भूटिया, ससिता, अनीता यादव, आकांक्षा एवं राम यादव के अन्य स्थान पर शिफ्ट होने की पुष्टि हुई।

भौतिक सत्यापन उपरांत कलेक्टर सिंह द्वारा मौके पर ही पंचनामे तैयार किए गए, जिन पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, आम नागरिकों एवं मीडियाकर्मियों द्वारा हस्ताक्षर किए गए। कलेक्टर ने कहा कि मैदानी स्तर पर की जा रही यह मेहनत मतदाता सूची के पुनरीक्षण के अंतर्गत एक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम एवं ईआरओ दीपक पांडेय, डिप्टी कलेक्टर लाखन सिंह चौधरी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, पार्षद एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *