एनजेपी जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, जाली नोट तस्करी का भांडाफोड़

सिलीगुड़ी, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । एनजेपी जीआरपी की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) टीम को बड़ी सफलता मिली है। ट्रेन के जरिए हो रही जाली नोटों की तस्करी का खुलासा करते हुए पुलिस ने कामाख्या–अगरतला एक्सप्रेस से एक यात्री को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से कुल 2 लाख 74 हजार 500 के जाली नोट बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार यात्री की पहचान एमडी अकरम अनवर (27) के रूप में हुई है, जो बिहार के पूर्णिया जिले का निवासी बताया गया है।
जीआरपी सूत्रों के अनुसार, आरोपित कामाख्या स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। एनजेपी रेलवे स्टेशन पर पहले से सतर्क एसओजी टीम ने अभियान चलाया हुआ था। रविवार देर शाम को जब कामाख्या–अगरतला एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची, तब टीम ने ट्रेन के अंदर तलाशी अभियान चलाया। संदेह के आधार पर आरोपित को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उसके बैग से काले रंग के पांच पैकेट बरामद हुए। जांच में सभी नोट जाली पाए गए।प्राथमिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे व्हाट्सएप के जरिए एक अज्ञात नंबर से संपर्क किया गया था। कामाख्या में एक व्यक्ति ने उसे जाली नोटों के बंडल सौंपे और बिहार पहुंचाने को कहा था। जीआरपी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार



