Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
DELHI

द्वारका पुलिस की बड़ी कामयाबी: दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

वाहन चाेरी के मामले में पकड़े गए आराेपिताें की फाेटाे

नई दिल्ली, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । द्वारका जिले के बिंदापुर थाना पुलिस ने वाहन चाेरी के एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो सक्रिय चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन चोरी की कारें, वारदात में इस्तेमाल एक कार, नौ अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेटें, एक आईपैड और एक स्कैनिंग सेंसर बरामद किया है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने मंगलवार काे बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान मौजपुर निवासी सरवर अली (37) और गोकुलपुर निवासी आमिर (38) के रूप में हुई है। दोनों आरोपित कार रिपेयरिंग का काम करते हैं और पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपिताें ने कार चोरी करने का बेहद शातिर तरीका अपनाया हुआ था।

वर्कशॉप में लगाते थे जीपीएस, फिर करते थे चोरी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित जब भी किसी ग्राहक की कार रिपेयर के लिए उनकी वर्कशॉप में आती थी, तो वे चोरी-छिपे उसमें जीपीएस डिवाइस फिट कर देते थे। इसके बाद जीपीएस का एक्सेस अपने मोबाइल फोन में ले लेते थे। इसी दौरान वे किसी की-मेकर को बुलाकर कार की डुप्लीकेट चाबी भी बनवा लेते थे। कुछ समय बाद, जीपीएस के जरिए वाहन की लोकेशन ट्रैक कर मौके का फायदा उठाते हुए कार चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहन को अपने गोदाम में ले जाकर खड़ा कर दिया जाता था। वहां से कारों के पार्ट्स निकालकर अन्य वाहनों में इस्तेमाल किए जाते या फिर अलग-अलग जगहों पर बेच दिए जाते थे।

शिकायत से खुली चोरी की परतें

पुलिस उपायुक्त के अनुसार मामले की शुरुआत 8 दिसंबर 2025 को हुई, जब थाना बिंदापुर में एक कार चोरी की शिकायत दर्ज की गई। शिकायतकर्ता रीना ने पुलिस को बताया कि उनकी कार खराब होने के कारण रात में सड़क किनारे खड़ी की गई थी, लेकिन सुबह वह गायब मिली। पुलिस ने आसपास के इलाके के करीब 250 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक हुडंई आई 10 कार संदिग्ध रूप से दिखाई दी। जिससे एक युवक उतरकर चोरी की गई कार लेकर फरार हो गया। आई 10 कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक से पूछताछ की। जिसने बताया कि उसने यह कार आमिर नामक व्यक्ति को बेच दी थी। इसके बाद पुलिस टीम सीमापुरी पहुंची, जहां आमिर अपने एक साथी के साथ मिला। साथी के कपड़े सीसीटीवी फुटेज में दिखे युवक से मेल खा रहे थे। शक के आधार पर दोनों को थाने लाकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लोनी स्थित उनके गोदाम पर छापा मारा। वहां से चोरी की दो कारें, वारदात में इस्तेमाल आई 10 कार, एक आईपैड, एक स्कैनिंग सेंसर और नौ अलग-अलग गाड़ियों की नंबर प्लेटें बरामद की गईं। सभी सामान को जब्त कर लिया गया है। वहीं इस कार्रवाई से दो बड़े चोरी के मामले सुलझाए गए हैं। जिनमें थाना बिंदापुर और जीटीबी एंक्लेव क्षेत्र की कार चोरी शामिल है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने बुलंदशहर इलाके से भी कार चोरी की थी।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *