‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर काम कर रही है भाजपा सरकार : प्रिया सरोज

सांसद प्रिय सरोज

जौनपुर ,09 दिसंबर (Udaipur Kiran) . यूपी के जौनपुर से मछली शहर से सपा सांसद प्रिया सरोज ने मंगलवार को लोक सभा सत्र के दौरान ‘वंदे मातरम’ विवाद को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए.

सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ केवल दो शब्द नहीं, बल्कि एक मंत्र है. उन्होंने इसे भारत की आम जनता की दबी हुई पुकार बताया, जिसने जाति, धर्म और भाषा की दीवारों को तोड़ दिया. उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत के बांटने के प्रयासों के बीच यह गीत देश को एकजुट करने वाला मंत्र बना और अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरणा दी.

प्रिया सरोज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अंग्रेजी हुकूमत की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार देश को धर्म और जाति के आधार पर बांटकर इसी राह पर चल रही है और ‘वंदे मातरम’ के नारों से डरती है.

सपा सांसद ने शायराना अंदाज में कहा, तुम संसद में घूम रहे हो ‘वंदे मातरम’ के शोर से, और देश जल रहा है महंगाई व बेरोजगारी के जोर से. उन्होंने आगे कहा, यह कैसा प्रेम उस मां से, जो भूखे बच्चों को सुलाती है. भाजपा की नीति अमीरों की तिजोरी को सहलाती है.

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महापुरुषों ने यह गीत गाया, लेकिन कहीं यह नहीं लिखा कि इसे जबरदस्ती गाना होगा. इसका अर्थ साफ है कि देशभक्ति दिल से होनी चाहिए, दिखावे से नहीं. आजाद भारत ने इसे लोगों की पसंद और श्रद्धा पर छोड़ना बेहतर समझा. प्रिया सरोज ने आरोप लगाया कि जो नेता दिन-रात ‘वंदे मातरम’ के नारे लगवाते हैं, उनकी सच्चाई यह है कि देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है.

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Leave a Comment