Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
ASSAM

भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन 26–27 दिसंबर को असम राज्य कार्यकारिणी बैठक में होंगे शामिल

असम प्रदेश भाजपा BJP Assam

गुवाहाटी, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन 26 दिसंबर को दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे गुवाहाटी के कलाक्षेत्र सभागार में 26 और 27 दिसंबर को आयोजित होने वाली भाजपा असम प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी बैठक में भाग लेंगे।

भाजपा असम प्रदेश के उपाध्यक्ष मनोज बरुवा ने मंगलवार को जारी एक बयान में बताया कि आगामी राज्य कार्यकारिणी बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर व्यापक मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही संगठनात्मक विषयों की गहन समीक्षा तथा आगामी चुनावों को लेकर रणनीति और नीतिगत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि यह बैठक 2026 के असम विधानसभा चुनावों के लिए स्पष्ट रोडमैप तय करेगी।

बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेता उपस्थित रहेंगे, जिनमें राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, भाजपा असम के चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, सह-प्रभारी सुनील शर्मा, भाजपा उत्तर-पूर्व समन्वयक संबित पात्रा, राज्य प्रभारी हरिश द्विवेदी, राष्ट्रीय सचिव कामाख्या प्रसाद तासा, ऋतुराज शर्मा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल तथा पबित्र मार्घेरिटा शामिल हैं।

राज्य कार्यकारिणी बैठक में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा का विशेष संबोधन होगा। बैठक की अध्यक्षता भाजपा असम प्रदेश के अध्यक्ष दिलीप सैकिया करेंगे। इसमें सभी सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय परिषद एवं राज्य परिषद के सदस्य तथा लगभग 800 पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे।

राज्य कार्यकारिणी बैठक 26 दिसंबर को दोपहर 2:30 बजे प्रारंभ होकर 27 दिसंबर को दोपहर 2:30 बजे संपन्न होगी। इसके अतिरिक्त 27 दिसंबर को राज्य चुनाव प्रबंधन समिति और घोषणापत्र मसौदा समिति की बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। उसी दिन सायंकाल राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन की उपस्थिति में भाजपा असम प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी होगी।

इससे पूर्व 26 दिसंबर को असम आगमन पर, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार गुवाहाटी पहुंचने पर, नितिन नबीन का लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *