Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
WORLD

पाकिस्तानी सेना और अफगान तालिबान के बीच सीमा पर लड़ाई छिड़ी, चौकियां व टैंक नष्ट करने का दावा

पाकिस्तान के सरकारी प्रसारक पीटीवी ने दावा किया है कि इस झड़प में पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने तालिबान शासन की चौकियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। उनके टैंक नष्ट कर दिए हैं। फोटो - डान

इस्लामाबाद, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुर्रम जिले में अफगानिस्तान से लगती सीमा पर दोनों देशों के बीच लड़ाई छिड़ने की खबर आ रही है। पाकिस्तान का दावा है कि अफगानिस्तान ने बिना किसी उकसावे गोलीबारी की, जिसका माकूल जवाब दिया गया। इससे अफगान तालिबान को भारी क्षति हुई है। कई तालिबानी टैंक और चौकियां नष्ट कर दी गई हैं।

डान अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के सरकारी मीडिया की खबर में दावा किया गया है कि खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले में पाकिस्तानी सेना और अफगान तालिबान के बीच मंगलवार रात फिर से लड़ाई छिड़ गई। सरकारी प्रसारक पीटीवी न्यूज ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया, अफगान तालिबान और प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (फितना अल-खवारिज) ने कुर्रम में बिना उकसावे के गोलीबारी की। पाकिस्तानी सेना ने पूरी ताकत और तेजी से जवाब दिया।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, इस लड़ाई में तालिबान शासन की चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा है और एक टैंक पर हमला होने के बाद उसमें आग लग गई। इससे तालिबान लड़ाके अपनी चौकियों से भाग गए। पीटीवी के अनुसार, शमसादर चौकी पर चौथे टैंक को तबाह कर दिया गया। पाकिस्तानी सेना के इस अभियान में फितना अल-खवारिज के बड़े कमांडर के मारे जाने की खबर है।

इससे पहले आज दिन में विदेश सचिव राजदूत आमना बलोच ने इस्लामाबाद में स्थानीय राजदूतों को पाकिस्तान-अफगान सीमा पर हाल के घटनाक्रमों पर व्यापक जानकारी दी। उन्होंने पाकिस्तान की सुरक्षा चिंताओं और अपनी क्षेत्रीय अखंडता व राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के संकल्प पर जोर दिया। अफगान तालिबान बलों ने सप्ताहांत में सीमा पर स्थित चौकियों पर बिना उकसावे के हमला किया। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने कहा कि काबुल के आक्रमण का इस्लामाबाद ने भी जवाब दिया। इस लड़ाई में 23 पाकिस्तानी सैनिक और 200 से अधिक तालिबान और लड़ाके मारे गए।

अफगानिस्तान ने दावा किया कि उसने यह हमला प्रतिशोध के तौर पर किया और इस्लामाबाद पर पिछले हफ्ते उसके इलाके में हवाई हमले करने का आरोप लगाया। इस्लामाबाद ने भी बार-बार काबुल से आतंकवादी समूहों को पाकिस्तान पर हमला करने के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल करने से रोकने का आह्वान किया है। रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने सीमा पार आतंकवाद को लेकर जारी तनाव के बीच जियो न्यूज से एक दिन पहले कहा कि दोनों देशों के बीच शत्रुतापूर्ण माहौल है। उन्होंने यह भी कहा था कि लड़ाई किसी भी समय छिड़ सकती है।

द बलोचिस्तान पोस्ट (पश्तो भाषा) की रिपोर्ट में कहा गया है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के सुरक्षा बलों के बीच सीमा पर झड़पों का सिलसिला एक बार फिर तेज हो गया है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार शाम खोस्त प्रांत के जाजी मैदान जिले में तालिबान और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी हुई। झड़पों का दायरा नांगरहार तक फैल गया है। हेलमंद प्रांत में झड़प की तैयारी चल रही है। अफगान और ईरानी स्थानीय मीडिया के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने बलोचिस्तान में बाराबचा सीमा के पास सात अफगान नागरिकों को गिरफ्तार करने के बाद गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। रिपोर्ट के अनुसार, ये सभी अफगान मजदूर थे और काम के लिए पाकिस्तान में घुसने की कोशिश कर रहे थे। अफगान अधिकारियों ने इन हत्याओं की कड़ी निंदा की है, जबकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इलाके में तनाव बरकरार है।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *