Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CRIME

सर्राफा कारोबारी ने बेटों पर जानलेवा हमला कर खाया जहर, पिता-पुत्र की मौत

घटनास्थल का जायजा लेते पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी व अन्य

कानपुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में कानपुर जनपद के अरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को सर्राफा कारोबारी ने अपने दो नाबालिग बेटों पर जानलेवा हमला करते हुए खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सामुदायिक चिकित्सा केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पिता और छोटे बेटे को मृत घोषित कर दिया। जबकि गम्भीर रूप से घायल बड़े बेटे को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हासिमपुर गांव निवासी (45) वर्षीय सर्राफा कारोबारी अजय की कस्बे में दुकान है। वह अपने बुजुर्ग पिता रामशंकर कटियार तथा दो बेटों रुद्र और सात वर्षीय शुभ के साथ रहते थे। दो वर्ष पूर्व उनकी पत्नी अलका का निधन हो चुका है। तभी से अजय दिमागी रूप से काफी परेशान रहते थे।

आज उनके पिता किसी कार्य के चलते घर से बाहर गये थे, जब वह वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि दुकान बंद है तो वह सीधा घर पहुंचे। काफी देर आवाज लगाने के बाद भी जब कोई हलचल नहीं हुई तो उन्होंने आस पड़ोस के लोगों के साथ खिड़की से झांक कर देखा तो उनके दोनों पाेते लहूलुहान अवस्था मे फर्श पर पड़े थे जबकि बेटा अजय बेड पर पड़ा था।

आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गयी मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सात वर्षीय बेटे शुभ और अजय को मृत घोषित कर दिया। जबकि बड़े बेटे रुद्र की सांसें चल रही थीं। उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं जब पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। तो उन्हें मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें लिखा था पिता जी बच्चे उतने ही पैदा करने चाहिए, जितने का सही से पालन पोषण कर सकें। इन्हें किसके सहारे छोड़ू इसलिए बच्चों को भी अपने साथ ले जा रहा हूं।

पुलिस उपायुक्त पक्षिम दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि बड़े बेटे को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *