35 करोड़ की ठगी कर भागने वाला बुलियन व्यापारी को पकड़ा

जोधपुर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । शहर में करीब एक दर्जन से अधिक ज्वैलर्स के साथ करोड़ों की ठगी कर फरार हुए बुलियन व्यापारी शब्बीर अली को बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी दीपावली से पहले इन सभी ज्वेलर्स से करोड़ों रुपए और सोना और चांदी लेकर भागा था। आरोपी बीकानेर का रहने वाला है और जोधपुर में घोड़े का चौक स्थित कादरी बुलियन एंड गोल्ड टेस्टिंग नाम से कारोबार करता था।
पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि मामले में सबसे पहले आरके ज्वैलर्स के मनीष शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शब्बीर उनसे 4.30 करोड़ रुपए नकद व अन्य ज्वेलर्स से 3 किलो सोना और 100 किलो से अधिक चांदी लेकर आरोपी फरार हो गया था। अनुमान के मुताबिक आरोपी द्वारा करीब बीस करोड़ रुपए से अधिक की ठगी करने का अनुमान है। हालांकि अभी तक इसको लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।
व्यापारियों ने बताया कि शब्बीर पिछले कई सालों से बुलियन ट्रेडिंग में सक्रिय था और मार्केट में भरोसे का माहौल बना चुका था। हर साल की तरह इस बार भी उसने दीपावली सीजन के लिए बड़े सौदों का लालच दिखाकर निवेश और धातु सप्लाई की रकम जुटाई लेकिन सप्लाई के दिन दुकान बंद करके वह परिवार सहित फरार हो गया। इसके बाद घोड़े का चौक इलाके के कई व्यापारियों ने एक साथ पुलिस में मामला दर्ज करवाया।
कई व्यापारियों को ठग चुका
पुलिस को शक है कि शब्बीर के साथ कुछ अन्य ट्रेडर्स भी शामिल हो सकते हैं। एसीपी मंगलेश चुंडावत ने बताया फिलहाल आरोपी से पूछताछ जा रही है। इसके बाद इस मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं पुलिस को अंदेशा है कि उससे और भी ठगी मामलों का पर्दाफाश हो सकता है। शब्बीर अली करीब 5-6 साल से यहां मार्केट में काम कर रहा था। इससे व्यापारियों में उसका भरोसा बना हुआ था।
(Udaipur Kiran) / सतीश



