Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

कैबिनेट : मेट्रो कोरिडोर विस्तार की तीन परियोजनाएं मंजूर, कर्तव्य भवन और डोमेस्टिक एयरपोर्ट जुड़ेंगे

परियोजना से जुड़ा मानचित्र

नई दिल्ली, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केंद्र सरकार ने दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए के लिए कुल 12,014.91 करोड़ रुपये की लागत से तीन नए कॉरिडोर को मंज़ूरी दी है। परियोजना 16.076 किलोमीटर लम्बी है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को इसे मंज़ूरी दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केन्द्र में मीडिया को इस बारे में जानकारी दी। ये तीन कॉरिडोर हैं- आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (9.913 किमी), एयरोसिटी से डोमेस्टिक एयरपोर्ट टी-1 (2.263 किमी), तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज (3.9 किमी)। इस विस्तार में 13 स्टेशन होंगे। इनमें से 10 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे और 3 स्टेशन एलिवेटेड होंगे। परियोजना की लागत केन्द्र सरकार, दिल्ली सरकार और अंतरराष्ट्रीय फंडिंग एजेंसियों से आएगी।

पूरा होने के बाद कॉरिडोर-1 पश्चिम, उत्तर और पुरानी दिल्ली की कनेक्टिविटी को सेंट्रल दिल्ली से बेहतर बनाएगा और बाकी दो कॉरिडोर दक्षिण दिल्ली को साकेत, छतरपुर के रास्ते डोमेस्टिक एयरपोर्ट टर्मिनल-1 से जोड़ेंगे।

आरके आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ सेक्शन पर आर.के आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, केन्द्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, समर स्मारक- हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम, और इंद्रप्रस्थ स्टेशन होंगे। तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज सेक्शन पर सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज स्टेशन होंगे। वहीं, एयरोसिटी स्टेशन को आगे डोमेस्टिक-1 स्टेशन से जोड़ा जाएगा।

अश्नवी वैष्णव के अनुसार सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर सभी कर्तव्य भवनों को कनेक्टिविटी देगा। इससे इलाके में ऑफिस जाने वालों और विजिटर्स को डोर स्टेप कनेक्टिविटी मिलेगी। इस कनेक्टिविटी से रोज़ाना करीब 60 हज़ार ऑफिस जाने वाले और 2 लाख आगंतुकों को फायदा होगा। आरके आश्रम मार्ग–इंद्रप्रस्थ सेक्शन बॉटनिकल गार्डन-आर.के. आश्रम मार्ग कॉरिडोर का एक्सटेंशन होगा। यह सेंट्रल विस्टा इलाके को मेट्रो कनेक्टिविटी देगा। एयरोसिटी–आईजीडी एयरपोर्ट टर्मिनल 1 और तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज सेक्शन एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर का एक्सटेंशन होगा। यह एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को नेशनल कैपिटल के दक्षिणी हिस्सों जैसे तुगलकाबाद, साकेत, कालिंदी कुंज से बेहतर बनाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *