हरियाणा के गुरुग्राम में कार हादसा, उत्तर प्रदेश के पांच लोगों की मौत

गुरुग्राम (हरियाणा), 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । नेशनल हाइवे 48 पर आज सुबह कार हादसे में उत्तर प्रदेश के पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन युवतियां और दो युवक शामिल हैं। इस हादसे में एक अन्य युवक घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर है। समाचार लिखे जाने तक एक युवती की पहचान प्रतिष्ठा मिश्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार कार थार है। इस कार में तीन युवक और तीन युवतियां सवार थे। ये सभी उत्तर प्रदेश से किसी काम से गुरुग्राम आए थे। उनकी गाड़ी नेशनल हाइवे 48 पर राजीव चौक की तरफ जाने के लिए हाइवे के एग्जिट नंबर 9 से उतरते ही पलटकर डिवाइडर से टकरा गई।
पुलिस का कहना है कि गाड़ी की गति बहुत अधिक थी। हादसाग्रस्त थार के परखच्चे उड़ गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता चल सके। इस हादसे में मरने वालों में से एक युवती की पहचान प्रतिष्ठा मिश्रा के रूप में हुई है।
(Udaipur Kiran)



