Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

सीबीआई ने रक्षा मंत्रालय के लेफ्टिनेंट कर्नल को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार

सीबीआई द्वारा प्राप्त रकम

नई दिल्ली, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। इस मामले में एक अन्य व्यक्ति विनोद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

सीबीआई ने बताया कि एजेंसी ने मामला 19 दिसंबर को विश्वसनीय सूचना के आधार पर दर्ज किया था। आरोप है कि लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा, जो अंतरराष्ट्रीय सहयोग और निर्यात प्रभाग में उप योजना अधिकारी के पद पर तैनात हैं, निजी रक्षा कंपनियों के साथ आपराधिक साजिश कर उन्हें अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत लेते थे। इस साजिश में उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली तथा अन्य लोग भी शामिल बताए गए हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, दुबई स्थित एक कंपनी के भारत में संचालन से जुड़े राजीव यादव और रवजीत सिंह बेंगलुरु से इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। विनोद कुमार ने 18 दिसंबर को उक्त कंपनी के निर्देश पर 3 लाख रुपये की रिश्वत लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को सौंपी थी।

सीबीआई ने दिल्ली, श्रीगंगानगर, बेंगलुरु और जम्मू सहित कई स्थानों पर तलाशी ली। दिल्ली स्थित आवास से 3 लाख रुपये की रिश्वत राशि, 2.23 लाख रुपये नकद तथा श्रीगंगानगर स्थित आवास से 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कई आपत्तिजनक दस्तावेज और सामग्री भी जब्त की गई है। नई दिल्ली स्थित कार्यालय परिसर की तलाशी अभी जारी है।

सीबीआई ने कहा है कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रशांत शेखर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *