Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

सीबीआई ने कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी मामले में की छापेमारी, तीन लोग गिरफ्तार

सीबीआई (लोगो)

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आज कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में बड़े पैमाने पर साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामले में समन्वित छापेमारी की। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने यह मामला गृह मंत्रालय के आई4सी के इनपुट पर दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि देशभर के हजारों नागरिकों को ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब और निवेश के बहाने करोड़ों रुपये का चूना लगाया गया। इस धोखाधड़ी के नेटवर्क में भारतीय और विदेशी नागरिक शामिल थे, जिन्होंने सोशल मीडिया, मोबाइल एप और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग सेवाओं का इस्तेमाल कर लोगों को झांसा दिया।

एजेंसी ने बताया, जांच में यह भी पता चला कि आरोपितों और उनके सहयोगियों ने बेंगलुरु में कई शेल कंपनियों का जाल बनाया और अपराध से प्राप्त धन को वहां से आगे भेजा। कई लोगों को ई-कॉमर्स या फिनटेक कंपनियों में पार्ट-टाइम नौकरी के बहाने निदेशक बनाकर धोखाधड़ी की गई।

धोखेबाजों ने डिजिटल विज्ञापन, बड़े पैमाने पर एसएमएस अभियान और सिम बॉक्स सिस्टम का इस्तेमाल कर अपने झूठे स्कीमों का प्रचार किया। उन्होंने टेलीग्राम, व्हाट्सऐप और अन्य प्लेटफार्मों के माध्यम से लोगों को भर्ती किया, उनके केवाईसी दस्तावेज लिए और नकली प्रोफाइल और कंपनियां बनाई। इन नकली दस्तावेजों और डिजिटल हस्ताक्षरों के जरिए कई शेल कंपनियां बनाई गई और बैंक खाते खोलकर पीड़ितों से धन इकट्ठा किया गया।

जांच में सामने आया कि एकत्र किए गए धन को कई लेयरों में विभाजित कर भुगतान गेटवे, यूपीआई प्लेटफार्म और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से विदेश भेजा गया। कुछ धन को सोने या क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर छिपाया गया। यह भी पता चला कि कुछ भारतीय नागरिक विदेशी नियंत्रित संस्थाओं के निर्देशन में अवैध ऑनलाइन जुआ और निवेश धोखाधड़ी में शामिल थे।

सीबीआई अन्य आरोपितों, जिसमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, की पहचान करने और अपराध से प्राप्त धन को फ्रीज करने के लिए अभी भी जांच कर रही है। यह कार्रवाई ऑपरेशन चक्र का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी के नेटवर्क को तोड़ना है।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रशांत शेखर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *