सीडीपीओ ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का किया आह्वान

मंडी, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सीडीपीओ सुंदरनगर पूनम चौहान ने उपमंडल सुंदरनगर की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जरल निहरी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
उल्लेखनीय है कि उन्होंने विद्यालय को अपना विद्यालय द हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम के तहत गोद लिया हुआ है। कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जरल निहरी की प्रधानाचार्या बनिता कुमारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में सीडीपीओ पूनम चौहान ने विद्यार्थियों को परिश्रम व अनुशासन का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए घातक है। युवा शक्ति यदि नशा मुक्त रहेगी, तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा।
कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान गोपाल शर्मा, एसएमसी के सभी सदस्य, विद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अभिभावक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा



