Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
JAMMU & KASHMIR

पौष संक्रांति 15 दिसंबर को, दान-पुण्य का रहेगा विशेष महत्व

rohit

जम्मू, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सनातन धर्म में विशेष महत्व रखने वाली पौष संक्रांति इस वर्ष 15 दिसंबर, सोमवार को मनाई जाएगी। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के प्रधान ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री के अनुसार पौष संक्रांति का पुण्यकाल 15 दिसंबर से प्रारंभ होकर 16 दिसंबर को सुबह 10:43 बजे तक रहेगा। पौष माह में सूर्यदेव के धनु राशि में प्रवेश करने के कारण इसे धनु संक्रांति भी कहा जाता है। महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि पौष मास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, यज्ञोपवीत, शिलान्यास जैसे शुभ संस्कार वर्जित माने गए हैं। इस दिन पवित्र नदियों एवं सरोवरों में स्नान तथा दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है। ब्राह्मणों को भोजन, मिष्ठान और दक्षिणा सहित यथाशक्ति दान करने तथा स्वयं एक समय भोजन करने का विधान है। मान्यता है कि पौष संक्रांति पर किया गया दान अन्य शुभ दिनों की तुलना में दस गुना अधिक पुण्य प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि संक्रांति के दिन तामसिक वस्तुओं के सेवन से परहेज करना चाहिए। मद्यपान और नशे से दूर रहना आवश्यक है, क्योंकि इसका दुष्प्रभाव शरीर के साथ-साथ भविष्य पर भी पड़ता है। इस अवसर पर सात्त्विक भोजन ग्रहण किया जाता है तथा भगवान को भी सात्त्विक भोग अर्पित किया जाता है। संक्रांति के दिन श्री सत्यनारायण भगवान, सूर्यदेव और अपने इष्टदेव की पूजा का विशेष विधान है।

ज्योतिषाचार्य के अनुसार यह संक्रांति मेष, मिथुन, कर्क, तुला, वृश्चिक, धनु और मकर राशि के जातकों के लिए शुभ रहेगी, जबकि अन्य राशियों के लिए समय कुछ चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अनाज की फसल अच्छी होने के संकेत हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में अधिक बर्फबारी के योग बन रहे हैं। राजनीतिक दलों के बीच वाद-विवाद बढ़ने तथा जनता में रोग, पीड़ा और भय का वातावरण रहने की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर भूकंप और प्राकृतिक आपदाओं की भी आशंका व्यक्त की गई है।

पौष संक्रांति पर राशि के अनुसार दान करना विशेष फलदायी माना गया है। मेष राशि के लिए गुड़, मूंगफली और तिल; वृषभ के लिए सफेद वस्त्र और चांदी; मिथुन के लिए मूंग दाल और कंबल; कर्क के लिए चांदी और सफेद वस्त्र; सिंह के लिए तांबा और गेहूं; कन्या के लिए चावल और हरी मूंग; तुला के लिए कंबल और सात प्रकार के अनाज; वृश्चिक के लिए लाल वस्त्र और तिल; धनु के लिए पीले वस्त्र और गुड़; मकर के लिए गुड़ और कंबल; कुंभ के लिए काला वस्त्र और घी तथा मीन राशि के लिए रेशमी वस्त्र और चने की दाल दान करने की सलाह दी गई है।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *