छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: कोर्ट ने सौम्या चौरसिया को तीन दिन की ईडी रिमांड पर भेजा

रायपुर, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । निलंबित राज्य प्रशासनिक सेवा (राप्रसे) अधिकारी सौम्या चौरसिया को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में दूसरी बार गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया था। इसके बाद बुधवार को आगे की पूछताछ के लिए सौम्या को विशेष न्यायालय रायपुर में पेश किया गया, जहां दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने उन्हें तीन दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया।सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अधिवक्ता डॉ. सौरभ पांडेय ने न्यायालय को बताया कि शराब घोटाले में सौम्या चौरसिया को लक्ष्मीनारायण बंसल के माध्यम से कुल 115 करोड़ रुपये मिले थे। इनमें से 72 करोड़ रुपये कथित तांत्रिक केके श्रीवास्तव के जरिए हवाला के माध्यम से ट्रांसफर कराए गए। हालांकि यह राशि किसे भेजी गई, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यह भी बताया कि सौम्या चौरसिया की डायरी में 43.50 करोड़ रुपये से संबंधित एंट्रियां मिली हैं। मंगलवार को हुई पूछताछ के दौरान इन लेन-देन को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और लगातार टालमटोल के चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया। सौम्या की ओर से अधिवक्ता हर्ष परगनिहा ने कोर्ट में बचाव पक्ष रखा। ईडी के अधिवक्ता डॉ. पांडेय ने बाद में मीडिया को भी यही जानकारी दी।सौम्या चौरसिया पहले से ही कोयला घोटाले के मामले में मुख्य आरोपितों में शामिल हैं। इसी साल मई में उच्चतम न्यायालय की शर्तों पर सौम्या चौरसिया सहित छह आरोपितों को जमानत पर रिहा किया गया था। रिहाई के दौरान कोर्ट ने उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य से बाहर रहने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सौम्या बेंगलुरु में रह रही थीं और हर महीने रायपुर आकर संबंधित न्यायालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही थीं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की यह दूसरी गिरफ्तारी कारोबारी लक्ष्मीनारायण बंसल और कथित तांत्रिक केके श्रीवास्तव से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर की गई है।
—————-
(Udaipur Kiran) / गायत्री प्रसाद धीवर



