Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

मुख्यमंत्री ने खरीदे मिट्टी के दीये, बर्तन और अन्य पारंपरिक स्वदेशी सामान, बोले-स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देना ही सच्ची दीपावली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चकराता रोड स्थित स्थानीय दुकानदरों से बातचीत करते।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चकराता रोड स्थित स्थानीय दुकानों से की दीपावली की खरीदारी करते

देहरादून, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली पर्व के अवसर पर आज देहरादून स्थित चकराता रोड की स्थानीय दुकानों से मिट्टी के दीये, बर्तन और अन्य पारंपरिक स्वदेशी सामानों की खरीदारी की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, “स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देना ही सच्ची दीपावली है, स्वदेशी अपनाएं आत्मनिर्भर भारत बनाएं।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों, कुम्हारों और हस्तशिल्पकारों से संवाद भी किया और उन्हें पारंपरिक कलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। दुकानदारों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस वर्ष जीएसटी की कम दरों के कारण सामान सस्ता हुआ है, जिससे बिक्री पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रही है।

मुख्यमंत्री ने दीपावली की खरीदारी के दौरान डिजिटल भुगतान (यूपीआई) के माध्यम से सामान खरीदा और आम जनता से भी आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी करें, जिससे छोटे व्यवसायियों, कारीगरों और स्वावलंबी भारत के संकल्प को मजबूती मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि,’दीपावली का पर्व प्रकाश और समृद्धि का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर हमें अपने देश के कारीगरों और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करना चाहिए। स्वदेशी उत्पादों की खरीद न केवल हमारी परंपरा को जीवित रखती है, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को भी सशक्त बनाती है।”

मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार दीपावली के दौरान व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन प्रधानमंत्री मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान का भी परिणाम है, जिसके चलते लोगों ने स्थानीय दुकानदारों से अधिक से अधिक खरीदारी की है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस दीपावली पर घरों को स्वदेशी मिट्टी के दीयों से रोशन करें और भारतीय परंपरा व संस्कृति की खुशबू को अपने उत्सवों का हिस्सा बनाएं। मुख्यमंत्री के इस पहल से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में हर्ष और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *