Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

मुख्यमंत्री धामी का स्वदेशी पर फोकस, खटीमा में खरीदे स्थानीय उत्पाद

कुमांऊ क्षेत्र की एक जनसभा में लाेगाें का अभिवादन करते मुख्यमंत्री धामी।

देहरादून, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज कुमांऊ दौरे पर हैं। धामी का स्वदेशी पर विशेष फोकस है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि स्वदेशी वस्तुएं खरीदें। उन्होंने खटीमा में ‘स्वदेशी अपनाओ’ अभियान के तहत पारंपरिक दिया और स्थानीय उत्पादों की खरीदार कर वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया। अपने गृह क्षेत्र खटीमा में ‘स्वदेशी अपनाओ’ का उन्होंने जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की कि दीपावली के पर्व पर स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और स्वदेशी उत्पाद निर्माताओं को प्रोत्साहित करें, जिससे न केवल आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को बल मिलेगा, बल्कि गांवों और कस्बों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी, उत्साह और आनंद का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा जब हम अपने गांव-कस्बों में बने दीये या अन्य स्वदेशी वस्तुएं खरीदते हैं, तो हम किसी परिवार की आजीविका, उसकी मेहनत और उसकी उम्मीद को सम्मान देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीद से स्थानीय शिल्प, कुटीर उद्योग और महिला स्वयं सहायता समूहों को भी सीधा लाभ मिलता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के कारीगरों की परंपरा और कौशल अत्यंत समृद्ध है। मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री, जैविक उत्पाद और पहाड़ी खाद्य पदार्थ न केवल स्थानीय स्तर पर लोकप्रिय हैं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि इस दीपावली वह स्वदेशी उत्पादों से ही अपने घरों को रोशन करें, ताकि किसी अन्य परिवार के घर में भी खुशियों के दीप जल सकें। “इस दीपावली हम सब मिलकर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करें। हमारी छोटी-छोटी खरीदारी किसी परिवार के जीवन में नई उम्मीद की किरण बन सकती है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली, धनतेरस और भैयादूज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए।

(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *