Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोटेगांव पहुंचकर मंत्री पटेल की माताजी के निधन पर दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की माताजी के निधन पर दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के निवास पहुंचकर उनकी माताजी के निधन पर जताया शोक

– शोकाकुल परिजन से मिलकर दी सांत्वना

भोपाल, 29 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को नरंसिहपुर जिले के गोटेगांव में पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के निवास पहुंचे और उनकी माताजी यशोदा पटेल के निधन पर गहन शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत यशोदा पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दुख की इस कठिन घड़ी में शोकाकुल पटेल परिवार से भेंटकर उन्हें सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत माताजी से पूर्व में भेंट हुई थी। किसी के भी जीवन में मां की कोई प्रतिपूर्ति नहीं हो सकती है। मंत्री प्रहलाद एवं परिजनों ने माताजी की हर जरूरत का हमेशा ध्यान रखा। माताजी का आशीर्वाद सदैव हम सबको मिलता रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्यात्मा को मोक्ष प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार और वे स्वयं व्यक्तिगत रूप से दु:ख की इस घड़ी में पटेल परिवार के साथ हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दिवंगत माताजी सादा जीवन, उच्च विचार की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने धर्मपरायण और सात्विक जीवन जिया। उनके आचार-विचार हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

इस दौरान स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, विधायक महेन्द्र नागेश, वरिष्ठ समाजसेवी मुलायम सिंह पटेल, सरदार सिंह पटेल, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, कमिश्नर जबलपुर धनंजय सिंह भदौरिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

गौरतलब है कि यशोदा पटेल पिछले एक हफ्ते से बीमार थीं और जबलपुर के अपोलो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां रविवार देर रात 88 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। सोमवार को अंतिम यात्रा गोटेगांव स्थित निज निवास से मुक्तिधाम के लिए निकली, जहां उनका अंतिम संस्‍कार हुआ।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *