Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

दीपावली के पावन पर्व पर स्वदेशी अपनाने का लें संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री अपने गृह नगर उज्जैन में दीपावली मिलन समारोह में सम्मिलित हुए

– मुख्यमंत्री अपने गृह नगर उज्जैन में दीपावली मिलन समारोह में सम्मिलित हुए

उज्जैन, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर हम सभी यह संकल्प लें कि अधिकाधिक रूप से स्वदेशी अपनाएंगे। हमारे स्थानीय शिल्पकार समृद्ध हो, ज्‍यादा से ज्यादा लाभान्वित हो, यह प्रयास करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को उज्जैन में दीपावली मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, महापौर मुकेश टटवाल, संजय अग्रवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, राज्य वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल, रूप पमनानी, वीरेंद्र कावड़िया, विवेक जोशी आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे तीज त्यौहार हमें आत्मिक आनंद प्रदान करते हैं। हम मिलजुलकर त्योहारों का आनंद उठाएं। सभी को प्रसन्नता मिले, समृद्धि प्राप्त हो। इसके साथ ही हम त्यौहार के संदेश को भी अंगीकार करें। बदलते समय के साथ ही हमारा जीवन पुण्य से भरा रहे। उन्होंने अपने संबोधन में स्वदेशी के आह्वान के साथ बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे देश की अर्थव्यवस्था में निरंतर वृद्धि होकर आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हितैषी सरकार निरंतर किसानों के हित में निर्णय ले रही है। आपदा प्रकोप से पीड़ित किसानों को अब तक 1800 करोड रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। किसान को फसल बीमा तथा भावांतर का लाभ भी मिलेगा। किसान को उपज का अधिक से अधिक मूल्य मिले, इसके लिए निरंतर खरीदी दरों में वृद्धि की जा रही है। सोयाबीन एवं गेहूं की खरीदी दरों में वृद्धि इसका उदाहरण है। इसके साथ ही लाडली बहनों की सहायता राशि में भी निरंतर वृद्धि की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने उज्जैन महाकाल लोक में लाइट एंड साउंड शो के बारे में जानकारी अपने उद्बोधन में देते हुए कहा कि उक्त शो के माध्यम से उज्जैन की गौरव गाथा को देखा व सुना जा सकेगा। दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को दीपावली की बधाई तथा शुभकामनाएं देते हुए मिठाई भी खिलाई।

इस अवसर पर डॉ. सत्यनारायण जटिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य में विकास के सराहनीय कार्य लगातार किए जा रहे हैं। नदी जोड़ों जैसी महत्वाकांक्षी योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा तथा संजय अग्रवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जगदीश पांचाल ने किया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *