Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों पर करें सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सचिवालय में बैठक करते।

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में अधिकारियाें के साथ की महत्वपूर्ण बैठकनववर्ष पर आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं का रखा जाय ध्यान

देहरादून, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नववर्ष पर प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की सुविधा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार काे सचिवालय में एक बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक नववर्ष के दौरान प्रदेश में यातायात प्रबंधन, रात्रिकालीन गश्त और अतिक्रमण हटाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जाएगा और कानून से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और अधिक आवागमन वाले मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नववर्ष के अवसर पर सभी जनपदों में पार्किंग, वाहनों के अनुचित संचालन और शराब पीकर वाहन चलाने पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही शराब के ठेकों के आसपास सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा एवं आतिथ्य का पूरा ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चेकिंग के नाम पर आम जनता और पर्यटकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। देहरादून सहित अन्य जनपदों में सड़क पर अतिक्रमण की समस्या को सख्ती से हटाया जाए। जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन एवं एमडीडीए के माध्यम से सड़कों से निरंतर अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर होटल और रिसॉर्ट्स में फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित की जाए और पुलिस को किसी भी घटना पर 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।

शीतकालीन यात्रा को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों की सुविधा के लिए जानकारी केंद्र, स्ट्रीट लाइट और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए। इसके अलावा, प्रदेश में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और प्लास्टिक मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक संगठनों और आम जनता से सहयोग लिया जाए।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, गढ़वाल कमिश्नर एवं सचिव विनय शंकर पांडेय, सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरूगेशन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से आईजी कुमांऊ रिद्धिम अग्रवाल, सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक भी बैठक में शामिल हुए।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *