Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

शिमला में नाकाबंदी के दौरान चिट्टा बरामद, दो गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

Crime

शिमला, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चिट्टा (हेरोइन) के दो अलग-अलग मामलों में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मामले में मौके से दो आरोपी फरार हो गए। दोनों ही मामलों में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पहले मामले में पुलिस द्वारा नाकाबंदी के दौरान बस नंबर PB-65-AT-2919 की तलाशी ली गई। यह बस शिमला के शोघी बैरियर पर रोकी गई थी। तलाशी के दौरान बस में सवार दीपक वर्मा (35) पुत्र बाबू राम वर्मा, निवासी गांव कलहाली, डाकघर मलोथी, तहसील व जिला शिमला के पास से 6.090 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे मामले में पुलिस ने इसी थाना क्षेत्र के तहत बालूगंज क्रॉसिंग पर नाकाबंदी के दौरान एक वाहन नंबर HP-06B-4771 को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार धीरज शर्मा (29) निवासी गांव घासो, डाकघर झाखड़ी, तहसील रामपुर, जिला शिमला के कब्जे से 7.090 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इसी दौरान उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक योगेश और अंकु मौके से फरार हो गए। ये तीनों रामपुर उपमण्डल के झाकड़ी के रहने वाले हैं।

दोनों मामलों में बालूगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने रविवार को बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और नाकाबंदी व नियमित जांच के जरिए नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *