Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

नागर विमानन मंत्री ने इंडिगो संकट पर की बैठक, जल्द परिचालन सामान्य करने का दि‍या निर्देश

इंडिगो एयरलाइंस के परिचालन संकट पर बैठक करते नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू

– इंडिगो ने कहा, 10 फरवरी तक फिर से शुरू हो जाएंगे ऑपरेशन्स, ड्यूटी नियमों से राहत मांगी

नई दिल्‍ली, 04 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने गहरे परिचालन संकट से गुजर रही इंडिगो एयरलाइंस में व्यापक परिचालन गतिरोध उत्पन्न होने पर गंभीर चिंता जताते हुए गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की।

नायडू ने विमान कंपनी को जल्द-से-जल्द परिचालन सामान्य करने का निर्देश दिया। इससे पहले इंडिगो ने डीजीसीए को सूचित किया कि वह 08 दिसंबर से उड़ानों की संख्या कम करेगी और 10 फरवरी, 2026 तक पूरी तरह से स्थिर संचालन बहाल हो जाएगा।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि किंजरापु राम मोहन नायडू ने इंडिगो एयरलाइंस से उड़ान परिचालन को तत्काल सामान्य करने को कहा है। नायडू ने एयरलाइंस से यह सुनिश्चित करने को कहा कि मौजूदा हालात में हवाई किराये में बढ़ोतरी न हो। केंद्रीय मंत्री ने इसके साथ ही स्पष्ट तौर पर कहा कि मौजूदा स्थिति का हवाला देकर हवाई किराये में किसी भी तरह की बढ़ोतरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

नायडू ने इंडिगो को उड़ानें रद्द होने की सूचना यात्रियों को सक्रियता से देने का निर्देश दिया। इंडिगो के उड़ानों के संचालन में पैदा हुए भारी गतिरोध के बीच नायडू ने नए फ्लाइट ड्यूटी नियमों को लागू करने के इंडिगो के तरीके पर नाराजगी जताई।

बैठक में इंडिगो ने उड़ानें रद्द किए जाने से संबंधित आंकड़े पेश किए और व्यवधान की वजहों के रूप में चालक दल की तैनाती से जुड़ी चुनौतियां, संशोधित उड़ान ड्यूटी समय-सीमा (एफडीटीएल) नियमों के क्रियान्वयन से जुड़े बदलाव और मौसम संबंधी बाधाओं का हवाला दिया। इससे पहले इंडिगो ने विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को सूचित किया कि वह 8 दिसंबर से उड़ानों की संख्या कम करेगी और 10 फरवरी, 2026 तक पूरी तरह से संचालन बहाल हो जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने स्थिति संभालने के लिए अपनाए गए तौर-तरीकों पर अपना असंतोष जताते हुए कहा कि नए नियामकीय प्रावधानों के अनुरूप खुद को तैयार करने के लिए विमान कंपनी के पास पर्याप्त समय था। उन्‍होंने इंडिगो को निर्देश दिया कि उड़ानों के रद्द होने संबंधी सभी जानकारी यात्रियों को समय पर उपलब्ध कराई जाए और जरूरी होने पर यात्रियों को होटल सुविधा सहित सभी जरूरी इंतजाम मुहैया कराए जाएं।

देश की सबसे बड़ी विमान कंपनी इंडिगो सामान्य दिनों में लगभग 2,300 उड़ानें संचालित करती है। एयरलाइन ने आज देशभर में 550 से अधिक उड़ानें रद्द कीं।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *