Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

तीन दिन शेखावाटी में कोल्ड वेव का अलर्ट, लूणकरणसर की रात सबसे सर्द

माैसम

जयपुर, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश में शहरों के पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के 6 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 4.7 डिग्री के साथ लूणकरणसर की रात सबसे सर्द रही। मौसम विभाग ने 3 से 5 दिसम्बर को शेखावाटी इलाके में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं मंगलवार को सुबह सीकर में घना कोहरा रहा। यहां कई ग्रामीण इलाकों में विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रही। शेखावाटी के इलाकों के साथ अलवर व एनसीआर के एरिया में भी कोहरे का असर रहा है। कई जिलों में बादल भी छाए नजर आए।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में एक सप्ताह तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। वर्तमान में सबसे कम न्यूनतम तापमान शेखावाटी क्षेत्र में दर्ज किए जा रहे हैं। शेष अधिकांश भागों में 10 डिग्री से ऊपर व सामान्य के करीब है। 3 से 4 दिसंबर को शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 4-5 डिग्री के आसपास दर्ज होने की संभावना है।

आगे ऐसा रहेगा मौसम

राजस्थान में इस बार दिसंबर, जनवरी और फरवरी में कड़ाके की सर्दी पडऩे का अनुमान है। इस दौरान शीतलहर के दिन भी सामान्य से ज्यादा रहेंगे और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि इस दौरान मावठ (बारिश) थोड़ी कम होने की संभावना है, जिसके कारण दिन का तापमान औसत के आसपास रहने का अनुमान है। उत्तरी राजस्थान के साथ पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के हिस्सों में तेज सर्दी का असर देखने को मिलेगा, जबकि पश्चिमी राजस्थान के हिस्सों में सर्दी सामान्य रहने का अनुमान है। इसके अलावा, दिसंबर-जनवरी में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) से होने वाली बारिश भी इस बार औसत से थोड़ी कम होने का अनुमान है। हालांकि, उत्तरी भारत में अच्छी बर्फबारी होने और वहां से सर्द हवा चलने से राजस्थान में इस बार कोल्ड-वेव का प्रभाव ज्यादा रहने का अनुमान है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *