Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान में दाे दिन शीतलहर की चेतावनी, क्रिसमस से बदलेगा मौसम

दो कारें अनियंत्रित होकर पार्वती नदी में जा गिरीं।

जयपुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान में पश्चिमी विक्षाेभ के असर से उत्तरी हवा कमजोर पड़ गई है, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, इसके साथ ही अलवर, धौलपुर सहित उत्तर-पूर्वी जिलों में कोहरे का असर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने 22 और 23 दिसंबर को प्रदेश के 10 जिलों में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

कोहरे के कारण शुक्रवार देर रात धौलपुर जिले में बड़ा हादसा हो गया। धौलपुर के टिहरी गांव के पास घने कोहरे के चलते दो कारें अनियंत्रित होकर पार्वती नदी में जा गिरीं। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने मदद पहुंचाई, लेकिन इस घटना ने कोहरे के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है।

शनिवार सुबह शेखावाटी अंचल के साथ भरतपुर संभाग में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी घटने से स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे पर सुबह के समय यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही कम देखने को मिली। धौलपुर और भरतपुर जिले में कोहरे का असर सबसे अधिक रहा, वहीं सुबह-शाम चल रही सर्द हवाओं के कारण लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार 24 दिसंबर से प्रदेश में सर्दी का असर और तेज हो सकता है, जबकि क्रिसमस के आसपास तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है।

उधर, भिवाड़ी सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक बना हुआ है। शनिवार सुबह भिवाड़ी में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद चिंताजनक है। इसके अलावा जयपुर, बीकानेर, टोंक, चूरू और जोधपुर में भी एक्यूआई स्तर 200 से ऊपर रहा।

हालांकि शुक्रवार को दिन के समय अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा और तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी को हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ठंडे इलाके सीकर का फतेहपुर और सिरोही का माउंट आबू रहे, जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने लोगों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने, वाहन धीमी गति से चलाने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *