Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

स्वीकृत सड़कों एवं गारंटी पीरियड वाली सड़कों की सूची पार्षदों को उपलब्ध कराएं: कलेक्टर

कलेक्टर ने पार्षदगणों के साथ की शहर की सड़कों पर चर्चा

– कलेक्टर ने पार्षदगणों के साथ की शहर की सड़कों पर चर्चा, अधिकारियों को दिए सड़कों को ठीक करने के निर्देश

ग्वालियर, 22 सितम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर की सड़कों को ठीक करने के लिए कलेक्टर रुचिका चौहान एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा सोमवार को वार्डवार सड़कों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सभी वार्डों के पाषर्दगण मौजूद रहे। जिन सड़कों पर कार्य होना है उन सड़कों को लेकर संबंधित पार्षदों के साथ चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए गए तथा पार्षद गणों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों पर होने वाले कार्यों की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी ठेकेदार गांरटी पीरियड की सड़कों पर कार्य नहीं कर रहे हैं। उनके खिलाफ दण्डात्मक प्रस्ताव तैयार करें। इसके साथ ही स्वीकृत सड़कों एवं गारंटी पीरियड वाली सड़कों की सूची निगम अधिकारी पार्षदों को उपलब्ध करायें।

बाल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि शहर में कुल 224 मुख्य मार्ग हैं, जिन्हें नगर निगम द्वारा संधारित किया जाता है। जिसमें से 103 सड़कें गारंटी पीरियड में हैं, जिन्हें ठेकेदार द्वारा ठीक कराया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य विभागों की 64 सड़कें हैं, जिन्हें संबंधित विभाग द्वारा ठीक कराया जा रहा है।

बैठक में कलेक्टर रूचिका चौहान ने सभी अधिकारियेां एवं ठेकेदारों को निर्देश दिए कि जो भी सड़कें गारंटी पीरियड की हैं, उनको तत्काल ठीक करें तथा जो सडकें स्वीकृत हैं उन्हें बनाने का कार्य प्रारंभ करें। जिससे आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी कल शाम तक अपने अपने क्षेत्र के पार्षदों को गांरटी पीरियड की सड़कों की जानकारी दें कि वे कब से कब तक गांरटी में है तथा निगम द्वारा स्वीकृत कार्यों की जानकारी संबंधित क्षेत्र के पार्षदों को दें।

बाल भवन में आयोजित बैठक में सबसे पहले ग्वालियर विधानसभा की बैठक हुई, जिसमें संबंधित कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे द्वारा बताया गया कि नगर निगम की ग्वालियर विधानसभा में कुल 43 मुख्य सड़कें हैं। जिसमें से 11 सड़कें ठीक हैं तथा 12 सड़कें आंशिक क्षतिग्रस्त हैं एवं 20 सड़कें पूर्ण क्षतिग्रस्त हैं। इसके साथ ही 43 में से 23 सडकें गांरटी पीरियड की हैं। जिसमें से 12 क्षतिग्रस्त सड़कों को संबंधित ठेकेदार द्वारा ठीक कराया जा रहा है। अन्य सड़कों पर नगर निगम द्वारा कार्य किया जा रहा है। जिसमें से ग्वालियर विधानसभा के पार्षदगणों द्वारा कई सड़कों को लेकर जानकारी दी गई कि यह सडकें काफी लम्बे समय से बनने के लिए स्वीकृत हैं, लेकिन अभी नहीं बन पा रही। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी विभाग की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं जिन पर कार्य नहीं हो रहा। जिसको लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बताया गया कि सड़क, सीवर एवं पानी की लाइनों के लिए खोदी गई हैं। इन पर निगम को कार्य कराना है। जिसको लेकर कलेक्टर ने पीएचई कें इंजीनियर रामसेवक शाक्य को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा निगमायुक्त को शीघ्र सडकें ठीक कराने के लिए निर्देशित किया।

ग्वालियर पूर्व विधानसभा की बैठक में संबंधित कार्यपालन यंत्री सुरेश अहिरवार द्वारा बताया गया कि नगर निगम की ग्वालियर पूर्व विधानसभा में कुल 108 मुख्य सड़कें हैं। जिसमें से 41 सड़कें ठीक हैं तथा 16 सड़कें आंशिक क्षतिग्रस्त हैं एवं 51 सड़कें पूर्ण क्षतिग्रस्त हैं। इसके साथ ही 108 में से 56 सडकें गांरटी पीरियड की हैं। जिसमें से 15 क्षतिग्रस्त सड़कों को संबंधित ठेकेदार द्वारा ठीक कराया जा रहा है। अन्य सड़कों पर नगर निगम द्वारा कार्य किया जा रहा है। जिसमें से ग्वालियर पूर्व विधानसभा के पार्षदगणों द्वारा कई सड़कों को लेकर जानकारी दी गई कि जिसमें बताया गया कि कुछ सड़कें खराब होने के बावजूद अधिकारियों द्वारा उन्हें ठीक बताया गया। जिसको लेकर मिथ्या जानकारी देने पर कार्यपालन यंत्री श्री सुरेश अहिरवार एवं क्षेत्राधिकारी श्री विपिन दुबे, सुश्री कृतिका विश्वकर्मा को नोटिस जारी किया गया। साथ ही दीनदयाल नगर एवं ब्रिगेडियर तिराहे वाली रोड की कोर कटिंग कराकर जांच कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियेां को कलेक्टर श्रीमती चौहान द्वारा दिए गए।

(Udaipur Kiran) तोमर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *