Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

जीआरपी का सराहनीय मानवीय कार्य, दिव्यांग यात्री को गोद में उठाकर सुरक्षित ट्रेन में बैठाया

दिव्यांग को गोद में उठाते हुए कांस्टेबल

बांदा, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में रेलवे स्टेशन पर जीआरपी रेलवे पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। यात्रा के लिए आए एक दिव्यांग यात्री को जब प्लेटफार्म की सीढ़ियाँ उतरने और ट्रेन में चढ़ने में कठिनाई हो रही थी, तब जीआरपी पुलिस बांदा की तत्परता और करुणा ने उनका सफर सुगम और सुरक्षित बना दिया।

रेलवे स्टेशन बांदा के प्लेटफार्म नंबर–01 पर एक दिव्यांग व्यक्ति अपनी बैसाखी और सामान के साथ ट्रेन पकड़ने के लिए संघर्ष कर रहा था। स्थिति को देखते ही थानाध्यक्ष जीआरपी बांदा शिवबाबू, हेड कांस्टेबल आशुतोष पहारिया एवं कांस्टेबल प्रारूप कुमार तत्काल सहायता के लिए आगे आए।

पुलिस टीम ने न केवल दिव्यांग यात्री का सामान संभाला, बल्कि हेड कांस्टेबल आशुतोष पहारिया ने उन्हें अपनी गोद में उठाकर सीढ़ियों से सुरक्षित नीचे उतारते हुए प्लेटफार्म पर खड़ी ट्रेन में सकुशल बैठाया। यह दृश्य वहां मौजूद यात्रियों के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा।

हेड कांस्टेबल आशुतोष पहारिया का यह व्यवहार अत्यंत विनम्र, संवेदनशील और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाला रहा, जो पुलिस बल के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा। जीआरपी पुलिस द्वारा किया गया यह प्रयास न केवल दिव्यांग यात्री के लिए राहतकारी रहा, बल्कि इससे आम जनता के बीच पुलिस की मित्रवत, सहायक और सकारात्मक छवि और अधिक मजबूत हुई।

रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों एवं दिव्यांग व्यक्ति ने जीआरपी पुलिस बांदा की इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। यह जानकारी जीआरपी थाना प्रभारी शिवबाबू ने मंगलवार को दी।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *