सहकारी बैंक के कैशियर का संदिग्ध हालात में कमरे में मिला शव

सीतापुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।
सीतापुर के पिसावां कस्बे में जिला सहकारी बैंक शाखा पिसावां के कैशियर का शव मंगलवार को उनके किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, कैशियर के बैंक न पहुंचने पर यह मामला सामने आया।
बैंक प्रबंधक प्रमोद कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह जब कैशियर सुशील बाबू बैंक नहीं आए तो उनसे मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद अन्य कर्मचारियों के साथ वह दोपहर के बाद उनके कमरे पर पहुंचे, जहां काफी देर तक आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला।
सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान मालिक अजय कुमार सिंह को बुलाकर वीडियोग्राफी के बीच दरवाजा तोड़ा, तो कमरे के अंदर सुशील बाबू चारपाई पर मृत अवस्था में मिले। मृतक की पहचान सुशील बाबू पुत्र प्रीतम प्रसाद, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी मुड़िया हाफिज थाना भोजीपुरा, जिला बरेली के रूप में हुई है। वह पिसावां कस्बे में अजय सिंह के मकान में किराए पर अकेले रहते थे।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए। कमरे में चारपाई के पास एक स्टूल पर प्लास्टिक की बोतल, गिलास, काली पॉलिथीन व कुछ खाद्य सामग्री पाई गई। शाखा प्रबंधक के अनुसार सुशील बाबू लंबे समय से बीमार थे और नियमित दवाइयां ले रहे थे।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma



