सीबीआई जांच और दोषियों को फांसी की मांग, कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

चंपावत, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोहाघाट में प्रदर्शन किया। कालू सिंह चौराहे पर एकत्रित कांग्रेसजनों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का पुतला दहन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दिलाने, मामले की सीबीआई जांच कराने और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दो, दोषियों को फांसी दो’ जैसे नारे लगाए। उन्होंने राज्य सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जब तक अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर सुरेश ढेक, आनंद धौनी, नवीन जोशी, लोकेश पांडेय, अजय गोरखा, अशोक सिंह, सचिन माहरा, अनिल कुमार, महेश फर्त्याल, विपिन ढेक, हरीश राय, सोनू भट्ट, सोनम सिंह बोहरा और अजय सिंह अधिकारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
(Udaipur Kiran) / राजीव मुरारी



